ड्राइवर का वीडियो हुआ था सोशल मीडिया पर वायरल, एसडीओपी की जांच रिपोर्ट के बाद पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
डिंडौरी के बजाग थाने में ट्रक ड्राइवर से वसूली और सरकारी गाड़ी छोड़कर भागने के मामले में एसपी ने दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है। थाना प्रभारी की भूमिका पर भी जांच जारी।
मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के बजाग थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां ट्रक ड्राइवर से अवैध वसूली करने और उसका वीडियो बनाए जाने पर थाने की सरकारी गाड़ी छोड़कर भागने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ आखिरकार पुलिस अधीक्षक (एसपी) आशीष खरे ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने इस गंभीर मामले में दोषी पाए गए उपनिरीक्षक (SI) कृष्णानंद सिंह और सहायक उपनिरीक्षक (ASI) अशोक उसराठे को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। यह पूरा मामला उस समय उजागर हुआ जब ट्रक ड्राइवर अमित गुप्ता ने एसपी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि बजाग थाना पुलिस द्वारा लगातार उससे अवैध पैसे वसूले जा रहे हैं।
📱 सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो, थाना प्रभारी की भूमिका पर भी उठ रहे हैं बड़े सवाल
ड्राइवर का आरोप था कि जब उसने पुलिस की अवैध वसूली का विरोध करते हुए अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तो एएसआई अशोक उसराठे मौके पर ही एसआई कृष्णानंद सिंह को छोड़कर थाने की सरकारी बोलेरो गाड़ी लेकर फरार हो गए थे, जिसके बाद उपनिरीक्षक को मजबूरन उसी ट्रक में बैठकर वापस लौटना पड़ा था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो गया था। पीड़ित ड्राइवर ने पहले ही 11 जून को सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। एसडीओपी विवेक गौतम द्वारा सौंपी गई जांच रिपोर्ट में दोनों पुलिसकर्मियों की भारी अनुशासनहीनता और लापरवाही साबित होने के बाद यह कार्रवाई की गई है, जबकि अब बजाग थाना प्रभारी नरेंद्र पाल की संलिप्तता और पुरानी शिकायतों को लेकर भी जांच के दायरे में सवाल खड़े हो रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)