बालाघाट से हैदराबाद मजदूरी करने जा रहे मजदूरों की बोलेरो पर पलटा ट्रक, 3 साल के मासूम सहित 6 की गई जान
महाराष्ट्र के गोंदिया में एक भीषण सड़क हादसे में बालाघाट के 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 7 घायल हैं। यह हादसा बोलेरो कार पर ट्रक पलटने से हुआ।
महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के ग्राम नागरा में सोमवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें 3 वर्षीय मासूम सहित 5 अन्य लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज फिलहाल गोंदिया के अस्पताल में चल रहा है। ये सभी मृतक मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के लांजी और किरनापुर क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे, जो एक चार पहिया वाहन (बोलेरो) में सवार होकर मजदूरी करने के लिए हैदराबाद की ओर जा रहे थे। गोंदिया के समीप नागरा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक चलती बोलेरो कार के ऊपर पलट गया, जिससे यह भयानक हादसा हुआ।
🚛 ओवरटेक करते वक्त अनियंत्रित हुआ भारी ट्रक—क्रेन की मदद से 3 घंटे की मशक्कत के बाद निकाले गए शव, क्षेत्र में छाया मातम
लांजी एसडीओपी नितेश भार्गव ने जानकारी देते हुए बताया कि लांजी के सांवरीखुर्द से कुल 13 मजदूर बोलेरो वाहन में बैठकर हैदराबाद जा रहे थे। गोंदिया के रावनवाड़ी थानांतर्गत ग्राम नागरा के पास एक बड़े ट्रक ने बोलेरो को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन अचानक ट्रक चालक ने संतुलन खो दिया और वाहन मज़दूरों से भरी कार पर ही आ गिरा। हादसा इतना भयानक था कि स्थानीय लोगों और पुलिस को रेस्क्यू करने में करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और क्रेन की मदद से मृतकों के शवों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में लांजी क्षेत्र के संतोष मात्रे, उनकी पत्नी सुशीला मात्रे, ज्योति सतेकर, रूपसिंह सतेकर, 3 वर्षीय मासूम आरूष मात्रे और एक अन्य महिला की पहचान हुई है। इस हृदय विदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और गमगीन माहौल बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)