शहडोल न्यूज़: बच्चों से सफाई कराने पर टीचर बोली- 'जाओ वीडियो वायरल कर दो'
मध्य प्रदेश के शहडोल (जयसिंहनगर) के एक सरकारी स्कूल का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूली बच्चे पढ़ाई की जगह कचरा साफ करते नजर आ रहे हैं। मामले में अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं।
शहडोल: जब बच्चे स्कूल चले जाते हैं तो परिजन निश्चित हो जाते हैं कि उनके बच्चे वहां शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। लेकिन मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के सरकारी स्कूलों से जो वीडियो सामने आ रहे हैं, वो चौंकाने वाले हैं। एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है, जिसमें बच्चे पढ़ाई करने की जगह पर स्कूल के अंदर कचरा साफ करते नजर आ रहे हैं। अब इस वीडियो के सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
🏫 किस स्कूल का है यह वीडियो?
यह वीडियो शहडोल जिले के जयसिंहनगर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला मासियारी का है। यहां मासूम बच्चों से स्कूल परिसर की झाड़ियां और कचरे की सफाई कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर हो रहा है। सरकारी स्कूल का इस तरह का वीडियो सामने आने के बाद अब वहां पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा और विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग गए हैं।
🗣️ महिला बोली- 'स्कूल का नहीं तो क्या घर का कचरा उठवाएं'
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि बच्चे स्कूल प्रांगण में सफाई करते नजर आ रहे हैं। कोई कचरा उठा रहा है, तो कोई कचरा उठाकर फेंकने जा रहा है। इतना ही नहीं, वीडियो में एक महिला बच्चों से सफाई करवाती दिखाई देती है। जब वीडियो बनाने वाला व्यक्ति उस महिला से पूछता है कि ऐसा क्यों कर रहे हो, तो उस पर महिला का जवाब बेहद चौंकाने वाला था। महिला उस वीडियो में कहती नजर आ रही है कि, ''अगर स्कूल के अंदर बच्चों से सफाई नहीं कराएंगे तो क्या किसी के घर में कराएंगे? जाओ वीडियो बनाकर सर्कुलेट कर दो।'' महिला का इस तरह का अड़ियल व्यवहार अब और भी सवाल खड़े कर रहा है।
📝 अधिकारियों ने कही जांच कराने की बात
इस वायरल वीडियो को लेकर शहडोल डीपीसी अमरनाथ सिंह का कहना है कि, ''ऐसा कोई मामला पहले संज्ञान में नहीं आया था। आपके द्वारा मामला संज्ञान में लाया गया है, तो इसकी जांच करा लेते हैं।'' वहीं, इस पूरे मामले में जयसिंहनगर बीईओ (BEO) राजेंद्र तिवारी का कहना है कि, ''मामला संज्ञान में आया है और इस मामले में बीआरसी (BRC) जांच कर रहे हैं। शिक्षिका को नोटिस जारी कर मामले की जांच कराई जा रही है। इस बरसात के मौसम में बच्चों से इस तरह साफ-सफाई कराना बिल्कुल गलत है।''
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)