भोपाल के CSD कैंप डिपो में SSB जवान ने सर्विस राइफल से की आत्महत्या, मराठी में मिला सुसाइड नोट
भोपाल के कमला नगर स्थित CSD कैंप में SSB जवान ने ऑन ड्यूटी आत्महत्या कर ली है। मौके से मराठी में लिखा सुसाइड नोट मिला है, पुलिस जांच कर रही है।
भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित सीएसडी कैंप डिपो में ड्यूटी के दौरान सशस्त्र सीमा बल (SSB) के 36 वर्षीय जवान संदीप खरवाते ने सर्विस राइफल से गोली मारकर ऑन ड्यूटी आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना से महकमे में हड़कंप मच गया है। गोली लगने से जवान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर इस पूरे मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
📞 पत्नी से रात में हुई थी आखिरी बातचीत, सुबह मिला मौत का पैगाम
मृतक जवान की पत्नी योगेश्वरी खरवाते ने बताया कि उन्हें बुधवार सुबह करीब 4 बजे एसएसबी की तरफ से पति की मौत की मनहूस सूचना मिली थी। पत्नी के मुताबिक, संदीप से उनकी आखिरी बातचीत मंगलवार रात करीब 10 बजे हुई थी, उस समय संदीप ने बताया था कि वे अपनी ड्यूटी पर हैं। इसके बाद दोनों के बीच कोई बात नहीं हुई थी। अचानक आई इस खबर से पूरा परिवार सदमे में है, जबकि हमीदिया अस्पताल के बाहर मृतक के दोस्त और परिचित भी जमा हो गए थे, हालांकि उन्होंने इस मामले में अभी कुछ भी कहने से इनकार किया है।
📝 मराठी भाषा में मिला सुसाइड नोट, पत्नी से मांगी माफी
कमला नगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे ने जानकारी दी है कि घटनास्थल से पुलिस को मृतक के पास से मराठी भाषा में लिखा हुआ एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसका अनुवाद कराया जा रहा है। शुरुआती तौर पर सुसाइड नोट में सामने आया है कि संदीप ने अपनी पत्नी से माफी मांगी है और कुछ निजी कारणों के चलते यह कदम उठाने की बात लिखी है। पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और नोट के पूर्ण अनुवाद तथा परिजनों व साथियों के बयान सामने आने के बाद ही खुदकुशी की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)