सेंधवा में कल होगा आम मुस्लिम जमात के सदर पद के लिए मतदान, मैदान में हैं पांच उम्मीदवार

सेंधवा शहर में आम मुस्लिम जमात के सदर पद के लिए शुक्रवार को 16 मस्जिदों में मतदान होगा। चुनाव मैदान में पांच उम्मीदवार आमने-सामने हैं।

Sep 03, 2026 - 15:46
0
सेंधवा में कल होगा आम मुस्लिम जमात के सदर पद के लिए मतदान, मैदान में हैं पांच उम्मीदवार

सेंधवा में कल होगा आम मुस्लिम जमात के सदर का चुनाव, पांच उम्मीदवार मैदान में

सेंधवा। सेंधवा शहर में आम मुस्लिम जमात के सदर पद के लिए कल शुक्रवार को मतदान होगा। चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार सदर पद के लिए कुल पांच उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें आसिफ खान, फारूक शेख, रईस खान अशरफी, परवेज शेख और शाकिर अली अशरफी शामिल हैं। एक पद के लिए पांच उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होने से चुनाव को लेकर जमात के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

16 मस्जिदों में होगा मतदान

शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान शहर की 16 मस्जिदों में मतदान प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। मतदान व्यवस्था के अनुसार, ख़ुत्बे की अजान शुरू होने तक मस्जिद में आने वाले नमाजियों को मतदान की पर्ची वितरित की जाएगी। ख़ुत्बे की अजान शुरू होते ही पर्ची वितरण का कार्य बंद कर दिया जाएगा।

मतदाता दोपहर 3 बजे तक अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन कमेटी की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है।

फय्यूम वकील होंगे मुख्य चुनाव आयुक्त

पूरी चुनाव प्रक्रिया की जिम्मेदारी मुख्य चुनाव आयुक्त फय्यूम वकील को सौंपी गई है। वहीं निर्वाचन कमेटी में अबरार सर, फारूक शेख, इम्तियाज मंसूरी और इरशाद मंसूरी को शामिल किया गया है। कमेटी की निगरानी में मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

मतदान के बाद गोसिया मस्जिद में होगी मतगणना

मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान पेटियों को एकत्रित कर मैकेनिक नगर स्थित गोसिया मस्जिद पहुंचाया जाएगा। मतदान पेटियों के गोसिया मस्जिद पहुंचने के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

चुनाव व्यवस्था के अनुसार मतदान समाप्त होने के कुछ ही घंटों बाद मतगणना शुरू होने की संभावना है। इसके बाद मतों की गिनती पूरी होते ही आम मुस्लिम जमात के नए सदर के नाम की घोषणा की जाएगी।

अब नजरें इस बात पर रहेंगी कि पांच उम्मीदवारों के बीच होने वाले इस मुकाबले में जमात के मतदाता किसे अपना समर्थन देते हैं और सेंधवा आम मुस्लिम जमात की कमान किस उम्मीदवार के हाथों में आती है।

What's Your Reaction?

Like Like 3
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 1

Comments (0)

User