तिघरा बांध का जलस्तर पहुंचा 738.75 फीट, फुल टैंक लेवल तक भरने के बाद ही खोले जाएंगे गेट
ग्वालियर में बारिश का सिस्टम आगे बढ़ने के बाद तापमान में पांच डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शहर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा और तिघरा बांध का जलस्तर स्थिर है।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर अंचल के ऊपर बने कम दबाव के सिस्टम के आगे बढ़ जाने के कारण सोमवार को शहर में बारिश पर पूरी तरह ब्रेक लग गया। इसके चलते एक बार फिर दिन के तापमान में जोरदार उछाल देखने को मिला और अधिकतम पारा पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़त के साथ 33.3 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। इसके साथ ही सोमवार को ग्वालियर पूरे मध्य प्रदेश में सबसे गर्म शहर रहा, जबकि 33 डिग्री सेल्सियस के साथ खजुराहो दूसरे स्थान पर रहा। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद अचानक खिली तेज धूप और साफ आसमान के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का अहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान केवल तेज हवाओं के साथ हल्की गरज-चमक की ही संभावना है।
🌊 738.75 फीट पर पहुंचा तिघरा बांध का जलस्तर, अभी गेट खुलने की स्थिति नहीं
वर्षा का क्रम थमने के बाद सोमवार को शहर के लाइफलाइन तिघरा बांध में पानी की आवक में कमी आई है। सोमवार को बांध का जलस्तर 738.75 फीट पर पहुंचने के बाद स्थिर हो गया है। हालांकि बांध लगभग भर चुका है और पेहसारी से प्रतिदिन करीब 10 एमसीएफटी पानी लगातार तिघरा में पहुंच रहा है। बांध के गेट खुलने की उम्मीद में सोमवार को बड़ी संख्या में सैलानी और शहरवासी तिघरा पहुंचे थे, लेकिन जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बांध अभी अपने फुल टैंक लेवल तक नहीं पहुंचा है। जब तक जलस्तर 739.50 फीट तक नहीं पहुंच जाता, तब तक बांध के गेट खोलने का कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा और विभाग इस पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)