Morena News: फ्रिज में भीषण ब्लास्ट से ढही मकान की छत; शॉर्ट सर्किट के बाद बम जैसा हुआ धमाका, मचा हड़कंप
मुरैना के परीक्षा गांव में फ्रिज में शॉर्ट सर्किट के बाद जोरदार ब्लास्ट। धमाका इतना तेज था कि मकान की छत धराशाई हो गई। घर का सारा सामान जलकर राख।
मुरैना। जिले के परीक्षा गांव में सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। गांव निवासी राजकुमार सिंह तोमर के घर में रखे फ्रिज के कंप्रेसर में हुए भीषण विस्फोट से न केवल घर में आग लग गई, बल्कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि मकान की आधी छत भी धराशायी हो गई। इस घटना ने पूरे गांव में दहशत फैला दी है।
🔥 शॉर्ट सर्किट से हुआ बड़ा हादसा
राजकुमार सिंह तोमर के घर के पिछले कमरे में फ्रिज रखा हुआ था। बीती रात शॉर्ट सर्किट के कारण फ्रिज में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते उसका कंप्रेसर बम की तरह फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि कमरे की छत बनाने में उपयोग की गई पांच भारी-भरकम पत्थर की पट्टियां (पातियां) टूटकर गिर गईं। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े।
📉 सामान जलकर हुआ राख
विस्फोट के बाद कमरे में लगी आग ने देखते ही देखते अंदर रखे अन्य घरेलू सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। जब तक परिवार के लोग और ग्रामीण आग पर काबू पाते, तब तक कमरे में रखा ज्यादातर कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था। गनीमत रही कि हादसे के समय उस कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। फिलहाल, पीड़ित परिवार सदमे में है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)