इंदौर पुलिस लाइन में सीएम मोहन यादव ने किया शस्त्र पूजन, महिला पुलिस दल ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
इंदौर पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया शस्त्र पूजन। पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर जल्द भर्ती का किया बड़ा ऐलान।
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी के पावन अवसर पर इंदौर पुलिस लाइन में आयोजित भव्य शस्त्र पूजन कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तलवार, भाले के साथ-साथ अत्याधुनिक एके-47 और अन्य अस्त्र-शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया तथा मां कालका की आराधना की। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री को महिला पुलिस दल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने पुलिस वाहन, अश्वों का पूजन करने के साथ ही एक विशेष पुलिस ऐप भी लॉन्च किया, जिससे पुलिसकर्मियों और आम जनता को विभिन्न सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल सकेंगी।
🏛️ दो वर्षों में भरे जाएंगे रिक्त पद: प्रदेशभर में 85 हजार नियुक्तियों की प्रक्रिया और पुलिस बैंड के लिए 750 पदों पर होगी भर्ती
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा की कि राज्य सरकार पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर जल्द ही भर्तियां करने जा रही है। अगले दो वर्षों में रिक्त पदों को भरने के साथ ही प्रदेश के विभिन्न विभागों में कुल 85 हजार पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय पर्वों पर परेड की गरिमा बढ़ाने के लिए प्रदेश के हर जिले में पुलिस बैंड विकसित करने हेतु 750 नए पद भरने की भी बात कही गई। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव समेत कई गणमान्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)