कूनो के आसपास गांवों में बढ़ा चीतों का आतंक, खेतों में सिंचाई करने जाने वाले किसानों में खौफ

श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क से सटे बमोरी गांव में चीतों ने घर की टापरी में घुसकर दो बछड़ों को मार डाला। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

Oct 25, 2026 - 20:37
0
कूनो के आसपास गांवों में बढ़ा चीतों का आतंक, खेतों में सिंचाई करने जाने वाले किसानों में खौफ

श्योपुर। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क क्षेत्र से सटे गांवों में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे ग्रामीणों की चिंता और डर दोनों गहराते जा रहे हैं। कराहल क्षेत्र के बमोरी गांव में रविवार की सुबह एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां चीतों ने सीधे एक घर की टापरी के अंदर घुसकर वहां बंधे दो बछड़ों को मौत के घाट उतार दिया। गनीमत यह रही कि जिस समय चीते ने हमला किया, ठीक पास ही खटिया पर पशुपालक सोमला वीर सिंह अपनी पत्नी के साथ सो रहे थे। बछड़ों की आवाज सुनकर जैसे ही दंपति की आंख खुली और उन्होंने टार्च की रोशनी में चीतों को देखा, तो उन्होंने तुरंत वहां से भागकर अपनी जान बचाई।

🌾 मोबाइल कैमरे में कैद हुई घटना, फसलों की सिंचाई करने वाले किसानों में सहम का माहौल: मुआवजे की मांग

घटना के बाद से पूरे बमोरी गांव और आसपास के इलाकों में भारी दहशत का माहौल है। पीड़ित पशुपालक और ग्रामीणों ने चीतों द्वारा बछड़ों को शिकार बनाए जाने की इस घटना को अपने मोबाइल कैमरे में भी कैद किया है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर मांग की है कि खेतों में फसलों की सिंचाई के लिए रात के समय आने-जाने वाले किसानों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही, पीड़ित पशुपालक को हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए। हालांकि, इस संबंध में जब कूनो नेशनल पार्क के डिप्टी डायरेक्टर व डीएफओ आर थिरूकुरल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User