महाकाल मंदिर में लगे 500 एआई कैमरों को मिली वैश्विक पहचान; 'विकसित भारत 2047' थीम पर उज्जैन का नवाचार
महाकाल मंदिर की सुरक्षा और तकनीक के लिए उज्जैन को मिला 29वां नेशनल ई-गवर्नेंस अवार्ड। त्रिनेत्र एआई सिस्टम से मिली नई पहचान। जानें पूरी उपलब्धि।
उज्जैन। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी तकनीक आधारित कार्यप्रणाली का लोहा मनवाया है। उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा महाकाल मंदिर परिसर में स्थापित 'त्रिनेत्र' सिस्टम—जो कि 500 एआई (AI) आधारित सीसीटीवी कैमरों से लैस है—को 29वें नेशनल ई-गवर्नेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार श्री महाकाल मंदिर और रुद्रसागर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट एरिया में सुरक्षा व तकनीक के उत्कृष्ट एकीकरण के लिए दिया गया है।
🎖️ जयपुर में हुआ सम्मान समारोह
जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान, उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, महाकालेश्वर मंदिर प्रशासक और एडीएम प्रथम कौशिक को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया। इस कार्यक्रम की थीम 'विकसित भारत 2047' थी, जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और राजस्थान के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस गौरवपूर्ण क्षण में उज्जैन की शासकीय आईटी टीम भी उनके साथ उपस्थित थी।
🖥️ क्या है 'त्रिनेत्र' सिस्टम की खासियत?
स्मार्ट सिटी उज्जैन द्वारा तैयार किया गया यह त्रिनेत्र कंट्रोल रूम मंदिर की सुरक्षा का मुख्य केंद्र है। इस सिस्टम की प्रभावशीलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि केंद्रीय टीम ने उज्जैन आकर इसका बारीकी से निरीक्षण किया था। 13 सदस्यीय समिति द्वारा प्रेजेंटेशन और कार्यक्षमता की समीक्षा के बाद ही इसे इस पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने इस उपलब्धि को पूरी टीम के नवाचार और समर्पण का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह सम्मान उज्जैन को देश के सबसे सुरक्षित और तकनीक-सक्षम शहरों की श्रेणी में और मजबूती से स्थापित करेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)