MP में बस का सफर हुआ महंगा: वीडियो कोच और AC बसों का किराया हुआ दोगुना, यात्री परेशान

मध्य प्रदेश में भारी बारिश के कारण 50 से ज्यादा ट्रेनें रद्द हो गई हैं। इसका फायदा उठाकर प्राइवेट बस ऑपरेटरों ने गुजरात और मुंबई का किराया 30% तक बढ़ा दिया है।

Jul 25, 2026 - 18:50
0
MP में बस का सफर हुआ महंगा: वीडियो कोच और AC बसों का किराया हुआ दोगुना, यात्री परेशान

रतलाम: मध्य प्रदेश में यात्रा करने वाले यात्री इन दिनों महंगाई की दोहरी मार झेल रहे हैं। एक तरफ प्रदेश में बस किराया बढ़ाने की मांग लगातार जोर पकड़ती जा रही है। सरकार की तरफ से आश्वासन के बावजूद किराए में बढ़ोतरी नहीं होने से नाराज मध्य प्रदेश बस ओनर्स एसोसिएशन ने 26 जुलाई को बैठक बुलाई है, जिसमें किराया बढ़ना लगभग तय माना जा रहा है।

📈 बस किराए में भारी उछाल

वहीं दूसरी तरफ, मुंबई और गुजरात के विभिन्न इलाकों में जारी भारी बारिश के चलते इंदौर और रतलाम मंडल की 50 से ज्यादा ट्रेनें रद्द करनी पड़ी हैं। इसके चलते ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्री बस में सफर करने को मजबूर हैं। इसी का फायदा उठाते हुए इंदौर से गुजरात की ओर जाने वाली बसों का किराया प्राइवेट ऑपरेटरों ने बढ़ा दिया है। इंदौर में तीन इमली बस स्टैंड के अलावा सरवटे और गंगवाल बस स्टैंड से जितनी भी बसें झाबुआ, अलीराजपुर और धार होते हुए गुजरात जा रही हैं, उनमें किराया 25 से 30% तक बढ़ा दिया गया है।

😠 लोकल ऑपरेटरों पर लगे आरोप

सामान्य बसों के अलावा वीडियो कोच और अन्य बसों का किराया भी ज्यादा वसूला जा रहा है। मध्य प्रदेश प्राइम रूट बस ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद शर्मा ने कहा, "संगठन ने अधिकृत रूप से किराया नहीं बढ़ाया है। गुजरात और मुंबई रूट पर बस चलाने वाले कई लोकल ऑपरेटरों ने किराया बढ़ा दिया है। किराए में यह वृद्धि भारी बारिश और रेल रूट प्रभावित होने के कारण हुई है।"

🚍 वीडियो कोच और एयर कंडीशन बसों में दोगुना हुआ रेट

उन्होंने आगे बताया, "ऑनलाइन बुकिंग में पहले जितनी राशि ही दिखा रही है, लेकिन डायरेक्ट खरीदने और प्रत्यक्ष रूप से टिकट खरीदी पर 25 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। यह वृद्धि शुक्रवार से ही हुई है। इंदौर से गुजरात जाने पर जो किराया पहले 700 से 900 रुपये होता था, वह अब 800 से 1200 रुपये के बीच पहुंच चुका है। जबकि वीडियो कोच और एयर कंडीशन बसों में 800 से 1100 के बीच रहने वाला किराया 1150 से 2000 रुपये तक बढ़ चुका है।"

🙏 यात्रियों की सरकार से अपील

यात्री विक्रम त्रिपाठी ने बताया, "अनाधिकृत तौर पर बस ऑपरेटर मनमाना किराया ले रहे हैं, जिसकी निगरानी की जानी चाहिए। अधिकृत तौर पर तो बस ऑपरेटर अधिक किराया लेने की बात स्वीकार नहीं कर रहे हैं, लेकिन यात्रियों को पूर्व की तुलना में अतिरिक्त किराया देना पड़ रहा है।"

🚂 इस रूट की कई ट्रेनें निरस्त

रेलवे जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, "रतलाम मंडल से गुजरने वाली 20 से 25 यात्री ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। वहीं इंदौर से चलने वाली इंदौर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस, इंदौर-मुंबई सेंट्रल अवंतिका एक्सप्रेस और इंदौर-मुंबई के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को निरस्त किया गया है। भारी बारिश के कारण कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर सुरक्षा की दृष्टि से कई घंटे रोका गया।"

🚫 ये ट्रेनें 25 जुलाई से 27 जुलाई तक रहेंगी निरस्त

वहीं दूसरी तरफ, मुंबई रेल मंडल में हुई भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड की वजह से मुंबई-पुणे मार्ग अब भी प्रभावित है। इसकी वजह से रतलाम रेल मंडल से गुजरने वाली यात्री गाड़ियां देरी से चल रही हैं। वहीं इंदौर और पुणे के मध्य प्रतिदिन चलने वाली इंदौर-दौंड एक्सप्रेस को 25 जुलाई से 27 जुलाई तक निरस्त किया गया है।

भारी बारिश की वजह से 15 से अधिक यात्री गाड़ियों को निरस्त करना पड़ा था, जबकि दो दर्जन गाड़ियों का मार्ग परिवर्तित अथवा शॉर्ट टर्मिनेट करना पड़ा। मुंबई और पुणे के बीच रेलवे ट्रैक के समीप लैंडस्लाइड होने की वजह से रतलाम रेल मंडल से गुजरने वाली इंदौर-दौंड और दौंड-इंदौर ट्रेनों को 25 से 27 जुलाई तक निरस्त किया गया है। वहीं, दौंड से ग्वालियर की तरफ चलने वाली ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User