ग्वालियर इंटरनेशनल स्टेडियम का हो रहा विस्तार: 2027 में 50 हजार की क्षमता के साथ खुलेगा

ग्वालियर के श्रीमंत माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम का विस्तार जारी है। जल्द ही यहां 50 हजार दर्शक एक साथ मैच देख सकेंगे। जानें कब से फिर शुरू होंगे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच।

Jul 25, 2026 - 18:56
0
ग्वालियर इंटरनेशनल स्टेडियम का हो रहा विस्तार: 2027 में 50 हजार की क्षमता के साथ खुलेगा

ग्वालियर: मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के ऐतिहासिक दोहरे शतक का गवाह बने ग्वालियर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी के लिए 14 साल का वनवास काटना पड़ा। लगभग डेढ़ दशक का यह इंतज़ार तब खत्म हुआ जब ग्वालियर में नया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनकर तैयार हुआ। 30 हजार की सीटिंग कैपेसिटी (बैठने की क्षमता) के साथ शुरू हुए श्रीमंत माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम से ग्वालियर को नई उम्मीद जागी, और फिर इस स्टेडियम में भारत-बांग्लादेश के बीच पहला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच आयोजित हुआ।

लेकिन इस मैच के बाद से ही ग्वालियर के नए क्रिकेट स्टेडियम के दरवाजे पिछले एक साल से बंद हैं, वजह है इसका विस्तार। हालांकि क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है; जल्द ही स्टेडियम फिर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के लिए खुलने जा रहा है।

🏟️ जून 2024 में हुआ था आधिकारिक उद्घाटन

मई 2024 में जब ग्वालियर में तैयार हो रहे अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम का काम पूरा हुआ तो लोग जश्न मना रहे थे। क्योंकि ग्वालियर के रूप सिंह स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मैचों के मानकों पर खरा न उतरने के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट वेन्यू से बाहर कर दिया गया था। ऐसे में ग्वालियर में करीब 14 सालों तक कोई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच आयोजित नहीं हो सका था। और अब जब नया स्टेडियम बनकर तैयार हुआ तो लोगों की उम्मीदें एक बार फिर जागने लगी थीं।

इन उम्मीदों को उड़ान भी जून 2024 में मिली, जब मध्य प्रदेश की अपनी क्रिकेट लीग (MPL) की शुरुआत के साथ स्टेडियम का उद्घाटन हुआ और इसे ग्वालियर रियासत के पूर्व महाराज श्रीमंत माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम का नाम दिया गया। यह नया स्टेडियम मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) द्वारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी मानकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था।

🔒 अगस्त 2025 से बंद है श्रीमंत माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम

आखिरकार वह दिन भी आ गया जब इस स्टेडियम में 14 साल के अंतराल के बाद अक्टूबर 2024 में पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ। यह मैच भारत और बांग्लादेश की क्रिकेट टीमों के बीच खेला गया। लेकिन यह अब तक इस नए स्टेडियम में खेला गया पहला और आखिरी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच था। क्योंकि इसके बाद एमपीएल सीजन 2 का आयोजन हुआ और उसके समापन के बाद अगस्त 2025 से स्टेडियम के दरवाज़े बंद हैं। वजह भी वाजिब है—इस स्टेडियम का विस्तार हो रहा है, जिससे ज्यादा दर्शक और अधिक सुविधाओं के साथ इस स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का लुत्फ उठा सकें।

🏏 एक साथ 50 हज़ार क्रिकेट प्रेमी ले सकेंगे खेल का आनंद

मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया का कहना है कि, "जब इस स्टेडियम का आधिकारिक उद्घाटन हुआ, उस दौरान इसकी सीटिंग कैपेसिटी 30 हजार दर्शकों की थी। उद्घाटन के समय एमपीएल सीजन 1 के फिनाले में बीसीसीआई के तत्कालीन सचिव जय शाह आए थे और इस स्टेडियम की सीटिंग कैपेसिटी बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई थी। इसी पर काम करते हुए स्टेडियम का विस्तार किया जा रहा है। जब यह स्टेडियम बनकर तैयार होगा, तो कई मॉडर्न एमेनिटीज (सुविधाओं) के साथ स्टेडियम में 50 हजार से ज्यादा दर्शक एक समय पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का आनंद ले सकेंगे।"

🚪 दर्शकों के लिए अगले साल खुल जाएंगे स्टेडियम के दरवाजे

अब सवाल आता है कि आखिर स्टेडियम के विस्तार के लिए चल रहा निर्माण कार्य कब पूरा होगा और कब ग्वालियर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के लिए इसके दरवाज़े खुलेंगे? इस बात का जवाब देते हुए उनका कहना है कि, "ग्वालियर के नए क्रिकेट स्टेडियम का उत्साह न सिर्फ ग्वालियर बल्कि देश भर में देखने को मिला है, जिसका उदाहरण हमने एमपीएल के दो सीजन में देखा है। ऐसे में हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि तेजी से इसके रिडेवलपमेंट (विस्तार) का काम पूरा हो जाए, ताकि अगले साल 2027 के मध्य में इसे दोबारा शुरू करने का प्रयास किया जा सके। इसके बाद बीसीसीआई की ओर से ग्वालियर में निश्चित ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की दोबारा शुरुआत हो जाएगी।"

✨ पहले से इन सुविधाओं से लैस है स्टेडियम

आपको बता दें कि वर्तमान में ग्वालियर के श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्टेडियम की क्षमता 30 हजार दर्शकों की है, जिसे बढ़ाने के लिए निर्माण कार्य जारी है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तय मानकों के हिसाब से यहां डे-नाइट मैच आयोजित हो सकते हैं, जिसके लिए स्टेडियम में शानदार फ्लडलाइट्स लगी हैं। यहां 9 क्रिकेट पिच के साथ फुल लेंथ बाउंड्री है; प्रैक्टिस ग्राउंड, टीमों के लिए ड्रेसिंग रूम, मॉडर्न जिम और इनडोर ट्रेनिंग सेंटर भी मौजूद है। इसके अलावा कई और भी सुविधाएं हैं, जिन्हें अब और बेहतर बनाया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User