छिंदवाड़ा: 1200 एकड़ जमीन पर उद्योग शुरू करें या किसानों को वापस दें, सांसद बंटी साहू की CM मोहन यादव से मांग
छिंदवाड़ा के चौसरा में निजी समूह को आवंटित 1200 एकड़ जमीन सालों से खाली। सांसद बंटी विवेक साहू ने CM मोहन यादव से जमीन पर उद्योग शुरू करने या किसानों को वापस करने की मांग की।
छिंदवाड़ा। चौसरा गांव में पावर प्लांट स्थापित करने के उद्देश्य से एक निजी समूह को आवंटित 1200 एकड़ जमीन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सांसद बंटी विवेक साहू ने भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की और मांग की है कि या तो इस जमीन पर निर्माण कार्य तत्काल शुरू किया जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके, या फिर यह जमीन मूल किसानों को वापस कर दी जाए। मुख्यमंत्री ने सांसद को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
मेसर्स छिंदवाड़ा प्लस डेवलपर्स की भूमि पर भी चर्चा
सांसद ने मुख्यमंत्री के साथ 'मेसर्स छिंदवाड़ा प्लस डेवलपर्स प्राईवेट लिमिटेड' को आवंटित 770.452 हेक्टेयर भूमि का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि आवंटित भूमि पर अब तक कोई भी उद्योग स्थापित नहीं हुआ है। सांसद ने इस जमीन पर भी जल्द उद्योग लगाने की वकालत की ताकि क्षेत्र की बेरोजगारी दूर हो सके। इसके साथ ही उन्होंने सौंसर क्षेत्र में एक विश्वविद्यालय (University) के निर्माण पर भी विचार-विमर्श किया।
थर्मल से न्यूक्लियर पावर प्लांट की ओर बढ़ते कदम
उल्लेखनीय है कि चौसरा में जिस निजी ग्रुप को जमीन दी गई थी, वहां अडानी समूह की कमिटमेंट गारंटी भी जमा थी। अब निजी कंपनी ने थर्मल पावर प्लांट की जगह न्यूक्लियर पावर प्लांट लगाने का प्रस्ताव सरकार के सामने रखा है। हालांकि, स्थानीय किसान लंबे समय से इसका विरोध कर रहे हैं। किसानों का तर्क है कि जब प्लांट शुरू ही नहीं हुआ है, तो उनकी जमीन वापस की जाए ताकि वे पुनः खेती कर सकें।
मंत्रियों से मुलाकात और छिंदवाड़ा-पांढुर्णा का विकास
सांसद बंटी विवेक साहू ने केवल मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि विभिन्न विभागों के मंत्रियों से भी संवाद किया:
-
कृषि विकास मंत्री एंदल सिंह कंसाना: पांढुर्णा में 'कृषि विज्ञान केंद्र' की स्थापना और एक नए कृषि महाविद्यालय के निर्माण की मांग की।
-
आदिम जाति विकास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह: आदिम जाति कल्याण से जुड़ी योजनाओं और छिंदवाड़ा के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की।
सांसद का कहना है कि वे छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं और जल्द ही सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
What's Your Reaction?