नरसिंहपुर में बड़ा सड़क हादसा: मजदूरों से भरा पिकअप पलटा, टायर फटने से 19 लोग घायल

नरसिंहपुर के NH-44 पर मजदूरों से भरा पिकअप पलटा। टायर फटने से हुआ हादसा, 19 मजदूर घायल। जिला अस्पताल में चल रहा उपचार, सभी खतरे से बाहर।

Jun 10, 2026 - 19:45
 0
नरसिंहपुर में बड़ा सड़क हादसा: मजदूरों से भरा पिकअप पलटा, टायर फटने से 19 लोग घायल

नरसिंहपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर ढिगसरा तिराहे के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरमान से मूंग की फसल काटने जा रहे मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना का मुख्य कारण मोड़ पर वाहन का टायर फटना बताया जा रहा है। इस हादसे में करीब 19 मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 पल भर में मची चीख-पुकार

मिली जानकारी के अनुसार, बरमान क्षेत्र से महिला मजदूरों को लेकर यह पिकअप वाहन ग्राम बिंदली की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन ढिगसरा तिराहे के पास मोड़ पर पहुंचा, तभी तेज आवाज के साथ टायर फट गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप बीच सड़क पर पलट गया। वाहन के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

 क्षमता से अधिक मजदूर थे सवार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप में लगभग 30 से 35 मजदूर सवार थे। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को निजी वाहनों के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, वर्तमान में 19 मजदूरों का उपचार किया जा रहा है, जिनमें से अधिकांश महिलाएं हैं। इनमें कविता धानक, संगीता, बतिबाई, तुलसा बाई और यशोदा बाई सहित अन्य शामिल हैं। सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस प्रशासन की प्रतिक्रिया

इस मामले में बरमान चौकी प्रभारी आशीष बोपचे ने कहा कि घटना की सूचना न तो डायल 112 पर मिली और न ही 108 एम्बुलेंस को दी गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल से विस्तृत तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू की जाएगी और दोषी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow