Road Accident: ग्वालियर से नई कार लेकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में हालत नाजुक
डबरा के समुदन के पास नई कार लेकर लौट रहे युवक की खड़े ट्रक से टक्कर। हालत नाजुक होने पर ग्वालियर रेफर। रेस्क्यू टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
डबरा। नई कार खरीदने की खुशियाँ एक भीषण सड़क हादसे में बदल गईं। इंदरगढ़ निवासी गोलू कुशवाहा ग्वालियर के शोरूम से कार खरीदकर पूजा के लिए अपने घर लौट रहा था, तभी नेशनल हाईवे पर समुदन के पास उसकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
रेस्क्यू कर निकाला घायल को बाहर
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चालक गोलू कार के अंदर ही फंस गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत और एक लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला।
ग्वालियर रेफर किया गया घायल युवक
घायल युवक को आनन-फानन में डबरा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कार अनियंत्रित कैसे हुई। हाईवे पर सड़क किनारे खड़े ट्रक की स्थिति को लेकर भी जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?