सेंधवा बड़े साहब के शिक्षा एवं जनजाति उत्थान के संकल्प को नई दिशा दे रहे श्री अंतर सिंह आर्य

जनजाति विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु महत्वपूर्ण पहल, वनवासी राम आश्रम के विकास को मिली नई गति

Jun 21, 2026 - 15:52
Updated: 1 month ago
0
सेंधवा  बड़े साहब के शिक्षा एवं जनजाति उत्थान के संकल्प को नई दिशा दे रहे श्री अंतर सिंह आर्य

बड़वानी जिले के सेंधवा स्थित वनवासी राम आश्रम जनजाति समाज की शिक्षा एवं संस्कार की एक महत्वपूर्ण धरोहर है। नीमाड़ के गांधी के नाम से विख्यात पूर्व सांसद स्वर्गीय श्री रामचंद्र विठ्ठल बड़े साहब ने जनजाति समाज के उत्थान एवं शिक्षा के प्रसार के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया था। उन्होंने सेंधवा स्थित वनवासी राम आश्रम हेतु 5 एकड़ से अधिक भूमि उपलब्ध कराई तथा आश्रम के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहे।

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी जब तत्कालीन जनता दल सरकार में विदेश मंत्री के रूप में सेंधवा प्रवास पर आए थे, तब उन्होंने अपनी निधि से एक लाख रुपये की राशि स्वर्गीय बड़े साहब को प्रदान की थी। बड़े साहब ने वह संपूर्ण राशि जनजाति विद्यार्थियों की शिक्षा एवं वनवासी राम आश्रम के विकास के लिए समर्पित कर दी थी। यह उनके त्याग, समर्पण एवं जनजाति समाज के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का अनुपम उदाहरण है।

इसी सेवा एवं विकास की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के माननीय अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्य ने विशेष प्रयास कर वनवासी राम आश्रम के नवीन भवन, बाउंड्रीवाल एवं फर्नीचर निर्माण हेतु जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट, नवी मुंबई के CSR फंड से राशि स्वीकृत कराई है। यह पहल जनजाति समाज के 100 से अधिक विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
भाजपा नेता श्री विकास आर्य ने वनवासी राम आश्रम पहुंचकर प्रस्तावित निर्माण कार्यों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया तथा ठेकेदार द्वारा किए जाने वाले कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जनजाति समाज के सर्वांगीण विकास एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

वनवासी राम आश्रम के विकास एवं जनजाति विद्यार्थियों के हित में समय-समय पर अनेक जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इनमें पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व सांसद श्री कप्तान सिंह सोलंकी, वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय श्री प्यारेलाल खंडेलवाल, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्य तथा सांसद श्री गजेंद्र पटेल का विशेष योगदान उल्लेखनीय रहा है।

नीमाड़ के गांधी स्वर्गीय श्री रामचंद्र विठ्ठल बड़े साहब द्वारा जनजाति समाज के उत्थान, शिक्षा एवं सामाजिक विकास के लिए देखे गए सपनों को आज माननीय श्री अंतर सिंह आर्य के नेतृत्व एवं विभिन्न जनप्रतिनिधियों के सहयोग से नई गति मिल रही है। यह कार्य बड़े साहब के आदर्शों, सेवा भावना एवं जनजाति समाज के प्रति उनके समर्पण को सच्ची श्रद्धांजलि है।

निरीक्षण के दौरान सेंधवा नगर मंडल अध्यक्ष श्री राहुल पवार, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्री हुकुम पवार, धनोर मंडल अध्यक्ष श्री शोभाराम तरोले, भाजपा के वरिष्ठ नेता, क्षेत्र एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User