मऊगंज में महिला की जलने से मौत, बेटे को बचाने में वह भी झुलसा; पति पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप
मऊगंज जिले के हनुमाना थाना क्षेत्र में आग से झुलसने से महिला की मौत हो गई है। मायके पक्ष ने पति पर मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मऊगंज में महिला की जलने से मौत, बेटे को बचाने के प्रयास में बेटा भी झुलसा, पति पर प्रताड़ना के आरोप
मऊगंज जिले के हनुमाना थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां करीब 40 वर्षीय महिला की आग में झुलसने से मौत हो गई। मां को बचाने के प्रयास में उसका 14 वर्षीय बेटा भी झुलस गया। घटना के बाद मायके पक्ष ने महिला के पति पर लंबे समय से मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि महिला के साथ मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। मृतका रीवा जिले के बरहेदी, थाना रायपुर कर्चुलियान की रहने वाली बताई जा रही है।
पूरा मामला हनुमाना थाना क्षेत्र के मसूरिया गांव का बताया जा रहा है। मृतका की पहचान करीब 40 वर्षीय रश्मि द्विवेदी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक रश्मि की शादी करीब 13 वर्ष पहले मसूरिया गांव निवासी अरविंद द्विवेदी से हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही रश्मि को पति द्वारा लगातार मारपीट और प्रताड़ित किया जाता था।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान रश्मि आग की चपेट में आ गईं। मां को आग से बचाने के प्रयास में उनका 14 वर्षीय बेटा अनमोल धर्म द्विवेदी भी झुलस गया। घटना के बाद घायल बेटे को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, रश्मि की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतका के मायके पक्ष ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि रश्मि के साथ मारपीट से जुड़ा एक वीडियो भी उनके पास है, जिसे जांच में अहम साक्ष्य बताया जा रहा है। हालांकि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
परिजनों के मुताबिक रश्मि का आज जन्मदिन भी था। जिस दिन परिवार को उनके जन्मदिन की खुशियां मनानी थीं, उसी दिन उनकी मौत की खबर से घर में मातम छा गया। मृतका के मायके पक्ष के लोग रीवा जिले के बरहेदी, थाना रायपुर कर्चुलियान के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
फिलहाल मामले में पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और आरोपों की सच्चाई सामने आएगी। मायके पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)