शादी न होने से नाराज शराबी युवक पानी की टंकी पर चढ़ा, बुरहानपुर में मची अफरा-तफरी
बुरहानपुर के पिपराना गांव में शादी न होने से नाराज एक शराबी युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। एक घंटे के हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर स्थित आदिवासी बहुल धुलकोट क्षेत्र के पिपराना गांव में गुरुवार को एक हैरान करने वाला और फिल्मी अंदाज का हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। नल-जल योजना के तहत बनी ऊंची पानी की टंकी पर एक युवक नशे की हालत में जा चढ़ा और करीब एक घंटे तक जमकर ड्रामा करता रहा। टंकी के ऊपर युवक की अजीबोगरीब हरकतें देखकर नीचे खड़े ग्रामीणों के होश उड़ गए और देखते ही देखते टंकी के चारों तरफ भारी भीड़ जमा हो गई।
🎬 शोले फिल्म के 'वीरू' जैसा नजारा देखकर आए ग्रामीणों को याद, वाटर मैन की सूचना पर पहुँचे जनप्रतिनिधि
यह पूरा घटनाक्रम किसी फिल्म के दृश्य से कम नहीं था, जिसे देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों को अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र की सुपरहिट फिल्म 'शोले' का वह मशहूर सीन याद आ गया जिसमें वीरू पानी की टंकी पर चढ़ जाता है। हालांकि यह कोई फिल्मी रील नहीं बल्कि पूरी तरह रियल लाइफ का वाकया था। जानकारी के मुताबिक, जब ग्राम पंचायत का वाटरमैन पानी की सप्लाई चालू करने टंकी के पास पहुँचा, तो उसने युवक को ऊपर देखा और तुरंत धुलकोट पंचायत में सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और पुलिस मौके पर दौड़ पड़े।
🤝 पुलिस और ग्रामीणों की समझाइश के बाद उतरा नीचे, परिजनों को किया गया सुपुर्द
नीचे खड़े लोग लगातार युवक को समझाते नजर आए और किसी भी तरह का गलत कदम न उठाने का आग्रह किया। मान-मनोव्वल के बाद दूसरा युवक टंकी की सीढ़ियों पर चढ़कर उसे मनाने ऊपर पहुँचा। करीब एक घंटे की मशक्कत और समझाइश के बाद नशे में धुत युवक आखिरकार नीचे उतर आया, जिससे सभी ने राहत की सांस ली। धुलकोट पुलिस चौकी प्रभारी कमल मोरे ने बताया कि युवक की शादी नहीं हो रही थी, जिससे नाराज होकर उसने यह ड्रामा किया था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)