श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बेटे नामल राजपक्षे गिरफ्तार, 8 लाख डॉलर रिश्वत का आरोप
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बेटे नामल राजपक्षे को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। अदालत ने उन्हें 18 सितंबर तक रिमांड पर भेजा है।
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बड़े बेटे और मुख्य विपक्षी पार्टी श्रीलंका पोदुजना पेरामुना (SLPP) के नेता नामल राजपक्षे को भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार कर लिया गया है। देश की भ्रष्टाचार विरोधी संस्था CIABOC ने श्रीलंकाई एयरलाइंस के लिए एयरबस विमानों की खरीद से जुड़े मामले में 40 वर्षीय नामल से 5 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। इसके बाद उन्हें कोलंबो के मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहाँ अदालत ने उन्हें 18 सितंबर तक न्यायिक हिरासत (रिमांड) में भेजने का आदेश दिया है।
⚖️ एयरबस विमान सौदे में कमीशन का आरोप, 12 सितंबर की बड़ी रैली से पहले हुई कार्रवाई
जांच एजेंसी के अनुसार, यह मामला महिंदा राजपक्षे के राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान श्रीलंकाई एयरलाइंस के लिए वाइड-बॉडी एयरबस विमान खरीदने से जुड़ा है। आरोप है कि इस डील के जरिए नामल राजपक्षे को 8 लाख अमेरिकी डॉलर का फायदा पहुँचाया गया था और कमीशन की यह रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी। वर्तमान नेशनल पीपुल्स पावर (NPP) सरकार के सत्ता में आने के बाद राजपक्षे परिवार के किसी सदस्य पर की गई यह पहली बड़ी कार्रवाई है। खास बात यह है कि नामल आगामी 12 सितंबर को सरकार के खिलाफ एक बड़ी रैली करने वाले थे, जिसके चलते SLPP ने इस गिरफ्तारी को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया है।
🗣️ नामल राजपक्षे ने निष्पक्ष जांच की बात कही, टाइमिंग पर उठाए सवाल
गिरफ्तारी के बाद नामल राजपक्षे की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यदि उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत हैं, तो वे पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं। कोर्ट यदि उन्हें दोषी पाता है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन उन्होंने रिमांड की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए कहा कि ठीक उनकी पार्टी की रैली से पहले ही उन्हें क्यों गिरफ्तार किया गया। इस बीच, राजपक्षे परिवार के अन्य सदस्यों पर भी वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप चल रहे हैं, जिसे परिवार लगातार राजनीतिक प्रतिशोध बता रहा है। इस कार्रवाई से श्रीलंका की सियासत मेंवान जबरदस्त उबाल आ गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)