इलाज कराने आई 62 साल की महिला को जालसाजों ने बनाया शिकार, पोटली में निकले रद्दी कागज
भोपाल के हमीदिया अस्पताल के पास इलाज कराने आई बुजुर्ग महिला को जालसाजों ने डरा-धमाकर सोने के जेवर ठग लिए। नोटों की गड्डी के बहाने हुई ठगी की जांच जारी है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नरसिंहगढ़ से इलाज कराने भोपाल आई 62 वर्षीय अशरफी बाई को दो शातिर जालसाजों ने डरा-धमाकर और नोटों की गड्डी का लालच देकर उनके सोने के जेवर पार कर दिए। ठग इतने शातिर थे कि उन्होंने महिला का विश्वास जीतने के लिए गड्डी में से 500-500 रुपये के तीन असली नोट निकालकर खर्च भी किए, लेकिन जब बुजुर्ग महिला ने घर पहुंचकर पोटली खोली, तो उसमें नोटों की जगह केवल रद्दी कागज निकले।
🛑 मदद का झांसा देकर फंसाया, इलाके में बदमाशों का खौफ दिखाकर उतरवाए जेवर
घटना 3 सितंबर की है जब अशरफी बाई हमीदिया अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने के बाद मेडिकल स्टोर पर दवा ले रही थीं। तभी करीब 30 साल का एक युवक और 16-17 साल का किशोर उनके पीछे लग गए और मदद का बहाना बनाकर उन्हें नक्कारखाना गेट की तरफ ले आए। आरोपित ने महिला को डराया कि इलाके में बदमाश घूम रहे हैं जो उनके जेवर छीन सकते हैं। इसके बाद कपड़े में लिपटी नोटों की गड्डी दिखाकर और किशोर को अपना बेटा बताकर उनका विश्वास जीत लिया। घबराई हुई महिला ने अपने मंगलसूत्र और कान के टॉप्स उतारकर ठगों को सौंप दिए, जिसके बदले में जालसाज कागजों का पुलिंदा थमाकर ऑटो से फरार हो गए। पुलिस अब अस्पताल से लेकर नक्कारखाना तक के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)