छिंदवाड़ा में एआई से अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेलिंग, पाकिस्तान और फिलीपींस से आ रहे कॉल
छिंदवाड़ा में साइबर हैकर्स ने युवक का मोबाइल डेटा हैक कर एआई से अश्लील फोटो बनाईं और परिजनों को भेजकर पैसे मांगने लगे। जानिए पूरा मामला।
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग कर साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग का बेहद खतरनाक मामला सामने आया है। चारगांव करबल के रहने वाले अमित कुमार भादे अपनी दुकान पर काम कर रहे थे, तभी उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया और वॉट्सएप चेक करने को कहा गया। अमित ने जैसे ही वॉट्सएप चैट खोली, उनके होश उड़ गए। हैकर्स ने उनके मोबाइल का पूरा डेटा एक्सेस कर लिया और एआई की मदद से उनके व परिजनों के फोटो को अश्लील बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
📞 विदेशी नंबरों से धमकी और परिजनों को अश्लील फोटो भेजने का आरोप
पीड़ित अमित भादे के अनुसार, उन्हें पाकिस्तान (+92) और फिलीपींस जैसे देशों के नंबरों से लगातार कॉल्स और धमकियां मिल रही हैं। जब पीड़ित इस शिकायत को लेकर पुलिस थाने पहुंचे, तो पुलिसकर्मियों द्वारा हैकर से बात करने के दौरान भी उसने फोन का डेटा हैक करना जारी रखा। नंबर ब्लॉक करने और मोबाइल फॉर्मेट करने के बाद भी हैकर्स ने पीड़ित की कांटेक्ट लिस्ट से परिजनों (पापा, चाचा, दीदी) के नंबर निकालकर उन पर एडिटेड अश्लील फोटो-वीडियो भेजने शुरू कर दिए और पैसों की मांग करने लगे।
🚨 पुलिस और साइबर सेल की जांच जारी, अनजान लिंक से बचने की अपील
पीड़ित ने नेशनल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, छिंदवाड़ा साइबर सेल और मोहखेड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में मोहखेड़ थाना प्रभारी संजय भलावी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आए वीडियो कॉल को न उठाएं, संदेहास्पद लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर रिपोर्ट दर्ज कराएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)