Tiger Sighting in Bhopal: चंदनपुरा के पास बाघ की दस्तक, राहगीर पर हमले की कोशिश; पालतू कुत्ते ने बचाई जान
भोपाल के चंदनपुरा और जागरण लेक सिटी रोड पर बाघ के हमले की कोशिश से दहशत। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने जान बचाई। वन विभाग ने दी सतर्क रहने की सलाह।
भोपाल। राजधानी के चंदनपुरा सिटी फॉरेस्ट क्षेत्र से सटे जागरण लेक सिटी यूनिवर्सिटी रोड पर शुक्रवार सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों का सामना एक बाघ से हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना सुबह करीब 6:30 से 7:00 बजे के बीच की है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाघ बेहद आक्रामक मुद्रा में दिखाई दे रहा है। राहगीरों ने बताया कि बाघ ने एक व्यक्ति पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन शोर मचाने और एक पालतू कुत्ते के बीच में आ जाने से बड़ा हादसा टल गया।
📢 चीख-पुकार और डॉगी की बहादुरी से टला बड़ा हादसा
एक प्रत्यक्षदर्शी महिला ने बताया कि वह कार से पक्षियों को दाना डालने पहुंची थीं, तभी उनके सामने से बाघ गुजरा। शुरुआत में उसे कुत्ता समझा गया, लेकिन जैसे ही वह एक राहगीर की ओर तेजी से झपटा, महिला ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही बाघ बाउंड्री पार कर झाड़ियों की ओर भाग गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाघ पूरी तरह 'अटैकिंग मोड' में था। मौके पर बाघ के पंजों के गहरे निशान भी मिले हैं, जो उसकी मौजूदगी और आक्रामकता की पुष्टि करते हैं।
⚠️ वन चौकी न होना बना चिंता का बड़ा कारण
पर्यावरण प्रेमी राशिद नूर खान के अनुसार, चंदनपुरा और जागरण कॉलेज रोड क्षेत्र में लंबे समय से बाघों की आवाजाही बनी हुई है। क्षेत्र में लोगों का आना-जाना बढ़ रहा है, लेकिन यहाँ वन विभाग की कोई स्थायी चौकी नहीं होने से सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। नागरिकों ने मांग की है कि इस इलाके में वन विभाग की सुरक्षा गश्त बढ़ाई जाए।
🚶 सतर्क रहने की अपील: प्राकृतिक कॉरिडोर पर बढ़ता दबाव
विशेषज्ञों का मानना है कि बाघों के प्राकृतिक कॉरिडोर में हो रहे निजी निर्माण और सड़कों के जाल ने वन्यजीवों के रास्तों को प्रभावित किया है। वन विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि जागरण कॉलेज रोड और आसपास के सुनसान इलाकों में सुबह-शाम अकेले टहलने से बचें। यदि समय रहते प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई, तो भविष्य में इंसानों और वन्यजीवों के बीच टकराव का खतरा और बढ़ सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)