रूस के स्मोलेंस्क में खुलेगी मध्य प्रदेश क्रिकेट अकादमी, क्रिकेट के जरिए व्यापार और खेल को मिलेगा बढ़ावा
रूस के स्मोलेंस्क में खुलेगी मध्य प्रदेश क्रिकेट अकादमी। भोपाल में 22-23 अक्टूबर को होने वाले सम्मेलन में भारत-रूस के बीच होगा ऐतिहासिक MoU।
भोपाल। भारत और रूस की मित्रता को और अधिक मजबूत करने की दिशा में मध्य प्रदेश के क्रिकेट खिलाड़ी एक अहम और अनूठी भूमिका निभाने जा रहे हैं। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा रूस के स्मोलेंस्क शहर में एक नई क्रिकेट अकादमी खोली जाएगी। इसके तहत मध्य प्रदेश के कुशल खिलाड़ी और कोच वहां के स्थानीय खिलाड़ियों को क्रिकेट के गुर सिखाएंगे। इस अनूठी पहल के तहत रूस और मध्य प्रदेश के इंदौर व ग्वालियर जैसे शहरों में दोनों टीमों के बीच क्रिकेट मैच भी आयोजित किए जाएंगे, जिसमें महिला क्रिकेट को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
🤝 भोपाल के सम्मेलन में होगा ऐतिहासिक MoU: क्रिकेट के जरिए उद्योग, व्यापार और पर्यटन के खुलेंगे नए रास्ते
राजधानी भोपाल में 22 और 23 अक्टूबर को आयोजित होने जा रहे 'विकसित भारत उद्योग व्यापार सम्मेलन' के दौरान मध्य प्रदेश क्रिकेट अकादमी और रूस के सिस्टर्स सिटी कॉन्सेप्ट 'स्मोलेंस्क' के बीच आधिकारिक रूप से एमओयू (MoU) साइन किया जाएगा। फेडरेशन ऑफ मध्य प्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FMCCI) के अध्यक्ष हिमांशु खरे ने बताया कि यह दुनिया का अपनी तरह का पहला ऐसा प्रयोग है, जिसमें खेल (क्रिकेट) के माध्यम से उद्योग और व्यापार के रास्ते खोले जा रहे हैं। इस समझौते से दोनों देशों के बीच केवल खेल ही नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और औद्योगिक क्षेत्रों में भी आपसी सहयोग मजबूत होगा।
🌐 भोपाल में जुटेंगे 400 से अधिक उद्यमी: 'मेक इन एमपी' प्रदर्शनी और भोपाल डिक्लेरेशन होगा खास आकर्षण
इस दो दिवसीय वैश्विक सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों के लगभग 400 से अधिक उद्यमी, औद्योगिक संगठनों के प्रमुख तथा रूस, जर्मनी, यूके समेत कई अन्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के पहले दिन 'मेक इन एमपी' प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा, जिसमें प्रदेश के नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। इस दौरान फेडरेशन द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को 'भोपाल डिक्लेरेशन' सौंपा जाएगा, जिसमें एमएसएमई के विकास, रोजगार सृजन, निवेश और तकनीकी उन्नयन जैसे अहम विषयों पर सुझाव शामिल होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)