सतना में भाजपा कार्यालय घेराव के दौरान बवाल, वाटर कैनन कार्रवाई में युवा कांग्रेस अध्यक्ष का पैर टूटा
Meta Description: सतना में भाजपा कार्यालय घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई। वाटर कैनन कार्रवाई के बीच युवा कांग्रेस अध्यक्ष वरुण गुर्जर का पैर टूट गया।
सतना में भाजपा कार्यालय घेराव के दौरान बवाल, वाटर कैनन कार्रवाई में युवा कांग्रेस अध्यक्ष का पैर टूटा
सतना (राकेश प्यासी )मध्य प्रदेश के सतना में सोमवार शाम भाजपा जिला कार्यालय के घेराव के दौरान कांग्रेस और पुलिस के बीच तीखा टकराव देखने को मिला। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए वाटर कैनन के इस्तेमाल और धक्का-मुक्की के बीच युवा कांग्रेस अध्यक्ष वरुण गुर्जर घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बैरिकेड कूदने के प्रयास में उनका पैर टूट गया।
दरअसल, कांग्रेस कार्यकर्ता राज्यसभा चुनाव में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के विरोध में भाजपा जिला कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे। प्रदर्शन में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदर्शनकारी हाथों में झंडे और तख्तियां लेकर भाजपा कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन राजनीतिक दबाव के चलते निरस्त किया गया है। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कार्यकर्ताओं ने "पेपर लीक सरकार होश में आओ", "युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो" और "लोकतंत्र की हत्या बंद करो" जैसे नारे लगाए।
भाजपा कार्यालय पहुंचने से पहले ही पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया था। मौके पर एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।
स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और बाद में बल प्रयोग कर भीड़ को पीछे धकेला।
इसी दौरान युवा कांग्रेस अध्यक्ष वरुण गुर्जर बैरिकेड पार करने की कोशिश में घायल हो गए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और युवाओं के मुद्दों की अनदेखी कर रही है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई और स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)