सावन में महाकाल दर्शन के लिए रेलवे का नया प्लान, स्टेशन पर 30 मिनट पहले मिलेगी एंट्री

सावन महीने में महाकाल दर्शनार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए उज्जैन रेलवे स्टेशन पर हाईटेक क्राउड मैनेजमेंट लागू किया जा रहा है। स्टेशन पर 30 मिनट पहले एंट्री और AI-ड्रोन से होगी निगरानी। पढ़ें पूरी डिटेल्स।

Jul 25, 2026 - 19:24
0
सावन में महाकाल दर्शन के लिए रेलवे का नया प्लान, स्टेशन पर 30 मिनट पहले मिलेगी एंट्री

उज्जैन: महाकाल की नगरी उज्जैन में हर रोज यूं तो अलग-अलग मार्गों से करीब 1 लाख 75 हजार यात्री और दर्शनार्थी बस, रेल, व निजी वाहनों से पहुंचते हैं। यही संख्या विशेष पर्वों पर कई गुना बढ़ जाती है। रतलाम रेल मंडल के अनुसार, हर रोज उज्जैन रेलवे स्टेशन पर 90 से 95 हजार यात्री 72 ट्रेनों से आवागमन कर रहे हैं। यही संख्या पिछले वर्ष 70 से 75 हजार थी, जो कि अब बढ़ चुकी है। 29 जुलाई से श्रावण महीना शुरू हो रहा है, जिसमें यह संख्या 1 लाख के पार होगी। ऐसे में स्टेशन पर क्राउड मैनेजमेंट के लिए रेलवे के पास यह सबसे बड़ा मौका होगा कि आगामी सिंहस्थ 2028 के ट्रायल को श्रावण में ही पूरा कर लिया जाए। इसी को लेकर रेलवे ने GRP और RPF के साथ मिलकर रणनीति बनाई है।

🔍 जानिए ट्रायल के मुख्य बिंदुओं के बारे में

RPF TI नरेंद्र यादव ने बताया, ''चूंकि श्रावण महीने में रोजाना यात्रियों की संख्या 1 लाख पार होगी, इसलिए सामान्य दिनों में आने वाले 90-95 हजार यात्रियों के अनुमान को ध्यान में रखकर क्राउड मैनेजमेंट की रूपरेखा तैयार की गई है, जो 29 जुलाई से 7 सितंबर (भादौ माह) तक लागू रहेगी। कुल मिलाकर यह रूपरेखा आगामी सिंहस्थ को देखते हुए स्टेशन पर हाईटेक क्राउड मैनेजमेंट लागू करने के उद्देश्य से प्लान की गई है। इससे यात्रियों का उज्जैन स्टेशन पर आवागमन का माइंडसेट सेट होगा, जैसे कहां से एंट्री होगी, कहां से एग्जिट होगा व अन्य बातें।"

🚀 क्यों पड़ी हाईटेक क्राउड मैनेजमेंट की जरूरत?

दरअसल, बढ़ती यात्रियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए रेलवे का अनुमान है कि श्रावण और भादौ के प्रमुख दिनों में यह संख्या 1 लाख से अधिक हो जाएगी। अभी हर रोज स्टेशन पर 90 से 95 हजार यात्री 72 ट्रेनों से यात्रा कर रहे हैं। ऐसे में 3 स्पेशल ट्रेनें बढ़ाने और होल्डिंग एरिया बनाने के काम बेहद जरूरी हैं।

🚉 29 जुलाई से बदलेगा स्टेशन का पूरा सिस्टम

RPF TI नरेंद्र यादव बताते हैं, ''अभी स्टेशन पर हुए एक सर्वे के आधार पर क्राउड बढ़ने का एक कारण यह भी सामने आया है कि कोई यात्री होटल से सुबह 11 बजे चेकआउट कर लेता है और उसकी ट्रेन देर शाम को है, तो वह चेकआउट के बाद सामान के साथ पूरा समय स्टेशन पर ही बिताता है। इससे वेटिंग रूम फुल हो जाते हैं और स्टेशन की हर जगह पर यात्री दरी-चादर बिछाकर बैठे रहते हैं। ऐसे कई कारणों की वजह से अब स्टेशन पर केवल 30 मिनट पहले एंट्री दी जाएगी।''

⛺ होल्डिंग एरिया कैसे करेगा काम?

स्टेशन के बाहर करीब 1200 से 1500 वर्गमीटर का वाटरप्रूफ होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा, जहां ट्रेन आने तक यात्री रुकेंगे। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से स्टेशन के अंदर प्रवेश दिया जाएगा। इससे भगदड़ जैसी स्थिति नहीं बनेगी, स्टेशन पर भीड़ में टकराव रुकेगा, प्लेटफॉर्म पर दबाव कम होगा और यात्रियों की आवाजाही सुगम होगी।

🤖 AI और ड्रोन बताएंगे कहां बढ़ रही है भीड़

RPF TI नरेंद्र यादव ने यह भी बताया, ''यूं तो हम सामान्य दिनों में भी यात्रियों की सुरक्षा के लिए AI बेस्ड CCTV और ड्रोन से मॉनिटरिंग करते हैं, लेकिन इसे और बढ़ाया जा रहा है। अब 102 की जगह 300 से अधिक CCTV कैमरे हो जाएंगे, जो हर एक पॉइंट कवर करेंगे कि कहां भीड़ है और कहां रूट डाइवर्ट किया जा सकता है। सब कुछ कमांड कंट्रोल रूम से जवानों को निर्देश देकर कंट्रोल किया जाएगा। AI बेस्ड ड्रोन हर इमरजेंसी को पहले ही भांप लेगा। आगजनी, भगदड़ व अन्य किसी भी इमरजेंसी में इसकी मदद कारगर साबित होगी।''

👮 चप्पे-चप्पे पर तैनात होंगे जवान

श्रावण के महीने में RPF 50 जवान और तैनात करेगी। ये जवान केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि सही दिशा-निर्देश, मार्गों से संबंधित जानकारी व अन्य किसी भी मदद के लिए यात्रियों के साथ समन्वय करेंगे।

🚩 सिंहस्थ के लिए क्यों अहम है यह ट्रायल?

सिंहस्थ 2028 में यात्रियों की संख्या कई गुना अधिक होगी, जिसका सटीक अनुमान लगा पाना भी मुश्किल है। ऐसे में रेलवे स्टेशन सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में से एक होता है। यही कारण है कि श्रावण में आने वाले यात्रियों से इसका बेस तैयार हो जाएगा कि सुरक्षा और सुविधाओं को किस मास लेवल (बड़े स्तर) पर ले जाना है। हर एक बिंदु पर रिपोर्ट तैयार कर सिंहस्थ के लिए योजना बनाई जाएगी। सिर्फ श्रावण मास ही नहीं, बल्कि नाग पंचमी और महाशिवरात्रि जैसे महापर्वों पर भी यह ट्रायल होते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User