Rewa News: रीवा के गुढ़ में जंगली हाथी का तांडव, 6 गांवों में दहशत; घरों की दीवारें तोड़ी और फसलें रौंदीं
रीवा के गुढ़ में जंगली हाथी ने मचाया उत्पात। कई गांवों में घरों की बाउंड्री तोड़ी और फसलों को पहुंचाया नुकसान। प्रशासन और वन विभाग से रेस्क्यू की मांग।
रीवा। रीवा जिले की गुढ़ तहसील के बदवार, बरसैता, डढ़वा, जल्दर, दुआरी और उमरिहा गांव में बीती रात एक जंगली हाथी के घुस आने से हड़कंप मच गया है। हाथी ने रात भर घूम-घूमकर न केवल खेतों में खड़ी धान की फसल को रौंदा, बल्कि कई घरों की बाउंड्रीवाल भी गिरा दी। सुबह होते-होते हाथी जल्दर और दुआरी गांव के बीच देखा गया, जिससे ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं।
🏠 पूरी रात जागते रहे ग्रामीण, जर्जर बिजली तारों से बढ़ा खतरा
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, हाथी देर रात करीब 1 बजे बदवार की ओर से आया और बरसैता से होते हुए डढ़वा तक पहुँच गया। दुआरी के निवासी शिवकुमार पटेल ने बताया कि पूरी रात बच्चे, बूढ़े और जवान डर के मारे जागते रहे। ग्रामीणों के लिए हाथी के साथ-साथ एक और बड़ा खतरा जर्जर बिजली के तार बने हुए हैं। कई जगह बिजली के तार जमीन से मात्र 6-7 फीट ऊपर लटक रहे हैं। ग्रामीणों को डर है कि यदि हाथी किसी खंभे से टकरा गया, तो करंट फैलने से बड़ी जनहानि हो सकती है।
🚑 वन विभाग और प्रशासन से तत्काल रेस्क्यू की मांग
सरपंच रामनरेश साकेत ने आरोप लगाया कि रात में ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को सूचित कर दिया गया था, लेकिन सुबह 9 बजे तक कोई भी बचाव दल मौके पर नहीं पहुँचा। ग्रामीणों ने कलेक्टर और डीएफओ से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने और हाथी को सुरक्षित जंगल में खदेड़ने की मांग की है। साथ ही बिजली विभाग से मांग की है कि जर्जर तारों को तुरंत दुरुस्त किया जाए ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
📢 प्रशासन की अपील: सुरक्षित रहें, शोर न मचाएं
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुढ़ के एसडीएम ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथी के करीब न जाएं और न ही उसे उकसाने के लिए शोर मचाएं। सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन का कहना है कि वन विभाग की टीम को रवाना कर दिया गया है और हाथी की ट्रैकिंग कर उसे जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है। गौरतलब है कि सीधी-सिंगरौली के जंगलों से भटककर हाथियों का गुढ़ क्षेत्र में आना अक्सर होता रहता है, लेकिन अभी तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)