भोपाल में जंप की प्रांतीय कार्यसमिति बैठक सम्पन्न, पत्रकार हितों पर हुआ व्यापक मंथन
भोपाल में जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ मध्यप्रदेश (JUMP) की प्रांतीय कार्यसमिति बैठक में पत्रकार सुरक्षा कानून, स्वास्थ्य बीमा, अधिमान्यता नियमों में सुधार और डिजिटल पत्रकारिता पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
भोपाल। जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ मध्यप्रदेश (JUMP) की प्रांतीय कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक राजधानी भोपाल के स्थानीय शंकर होटल में आयोजित की गई। पूर्व निर्धारित एजेंडे के साथ संपन्न हुई इस बैठक में पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. नवीन आनंद जोशी उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जंप के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण सक्सेना ने की। इस दौरान प्रदेशभर से आए पत्रकार साथियों, प्रांतीय पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
बैठक की शुरुआत स्वागत एवं उद्घाटन सत्र से हुई, जिसके बाद पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि और वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। सभी प्रस्तावों को ध्वनिमत से सर्वसम्मति के साथ पारित किया गया। इस अवसर पर नए सदस्यों के निर्वाचन, भोपाल जिला इकाई की घोषणा तथा महिला यूनिट में विभिन्न पदों पर नियुक्तियों का अनुमोदन भी किया गया।
बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया। पत्रकार सुरक्षा कानून (Journalist Protection Act), स्वास्थ्य बीमा योजना, पत्रकार स्वास्थ्य सहायता, आपात कोष गठन तथा फर्जी मुकदमों और उत्पीड़न के मामलों में कानूनी सहायता जैसे विषयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श हुआ। साथ ही राज्य सरकार से लंबित मांगों की समीक्षा करते हुए अधिमान्यता (Accreditation) प्रक्रिया को सरल बनाने पर भी मंथन किया गया।
संगठन ने पत्रकारों के लिए आवास, पेंशन और अन्य सुविधाओं को लेकर सूचना विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी सहमति जताई। इसके अलावा डिजिटल पत्रकारिता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मीडिया एथिक्स पर कार्यशालाएं आयोजित करने, युवा पत्रकारों के प्रशिक्षण कार्यक्रम, फैक्ट-चेकिंग और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया।
बैठक में फेक न्यूज की रोकथाम, मीडिया की विश्वसनीयता बनाए रखने और संगठन की आचार संहिता के पालन पर विशेष फोकस रखा गया। साथ ही प्रेस दिवस, पत्रकार सम्मान समारोह, राज्य स्तरीय सम्मेलन एवं सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई।
वित्तीय विषयों पर चर्चा करते हुए आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया तथा आगामी बजट को अनुमोदित किया गया। फंड रेजिंग और संसाधन जुटाने के प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।
इस दौरान प्रदेश स्तर पर पत्रकार सुरक्षा हेल्पलाइन शुरू करने, “जंप डिजिटल प्लेटफॉर्म/ऐप” लॉन्च करने और प्रत्येक जिले में मीडिया सेंटर स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखे गए, जिन पर सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक में भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. कमल आलोक प्रसाद, प्रांतीय महासचिव महेंद्र शर्मा, प्रांतीय सचिव अमित वर्मा, राजीव गौर, एसके शर्मा, कोषाध्यक्ष श्याम निगम, संगठन सचिव हर्ष नायक सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं पत्रकार मौजूद रहे।
यह बैठक पत्रकारों के हितों की दिशा में एक सार्थक पहल मानी जा रही है, जिसमें संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई
What's Your Reaction?