Morena Bus Fire News: स्टेट हाइवे-552 पर धू-धू कर जली बस, शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा
मुरैना के माता बसैया थाना क्षेत्र में चलती बस में आग लगने से हड़कंप। 50 यात्री थे सवार, चालक-परिचालक की सूझबूझ से सभी सुरक्षित। शॉर्ट सर्किट की आशंका।
मुरैना। स्टेट हाइवे-552 पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुरैना बस स्टैंड से पोरसा की ओर जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। बस में उस समय करीब 50 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि बस चालक और परिचालक ने तुरंत स्थिति को भांप लिया और बस को सड़क किनारे रोककर सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस पूरी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
इंजन से उठा धुएं का गुबार, मची चीख-पुकार
घटना माता बसैया थाना क्षेत्र के जीगनी गांव स्थित केंद्रीय विद्यालय के सामने की है। डीएसपी विजय भदौरिया के अनुसार, बस जैसे ही स्कूल के पास पहुँची, इंजन से धुएं का गुबार उठने लगा। देखते ही देखते धुआं पूरी बस में फैल गया, जिससे यात्रियों का दम घुटने लगा और वे दहशत में आ गए। चालक और परिचालक ने तत्परता दिखाते हुए बस को किनारे लगाया और यात्रियों को सुरक्षित उतरने में मदद की।
दमकल टीम ने आग पर पाया काबू
यात्रियों के उतरते ही बस के इंजन में आग की लपटें तेजी से बढ़ने लगीं। चालक ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बेकाबू हो गई। तत्काल सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। डीएसपी विजय भदौरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुँचाने की व्यवस्था
हादसे के बाद प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए बस से उतारे गए सभी यात्रियों को अन्य साधनों के माध्यम से उनके गंतव्य तक पहुँचाने की व्यवस्था की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आग लगने का सटीक कारण क्या था। इस घटना के बाद यात्रियों ने चालक और परिचालक की हिम्मत और सूझबूझ की जमकर तारीफ की है।
What's Your Reaction?