Mandla Road Accident: बम्हनी बस स्टैंड के पास बड़ा हादसा टला, नागपुर जा रही बस मकान में घुसी
मंडला के बम्हनी बंजर में यात्री बस निर्माणाधीन मकान से टकराई। गुटका खाने के दौरान चालक को आया चक्कर। गनीमत रही कि बस में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
मंडला। बम्हनी बंजर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डिंडोरी से नागपुर जा रही आकाश ट्रेवल्स की यात्री बस (एमपी 52 पी 0597) बम्हनी बस स्टैंड से रवाना होते ही अनियंत्रित होकर एक निर्माणाधीन मकान में जा घुसी। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
गुटका खाने के बाद चालक ने खोया संतुलन
थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई के अनुसार, रात करीब 12 बजे जैसे ही बस चालक राजेन्द्र दास ने बस स्टैंड से वाहन को आगे बढ़ाया, उसी दौरान उसने राजश्री गुटका खाया। गुटका निगलते ही उसे अचानक चक्कर आने लगा और उसने बस पर से अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित बस सड़क किनारे सतीश हरदहा के निर्माणाधीन मकान में जा टकराई। इस टक्कर से मकान में रखी ईंटें बिखर गईं और पास ही स्थित सतीश खंडेलवाल की दुकान के बाहर रखे करीब एक दर्जन ट्रंक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
सुरक्षित बचे मजदूर यात्री
बस में नागपुर और केरल काम के सिलसिले में जा रहे मजदूरों की बड़ी संख्या सवार थी। हादसे की खबर मिलते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया, लेकिन ईश्वर की कृपा से सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित पाए गए।
पुलिस की मुस्तैदी और कार्रवाई
संयोग से, इस घटना से कुछ ही समय पहले उसी क्षेत्र में एक ट्रैक्टर पलटने की सूचना के कारण पुलिस टीम आसपास ही गश्त पर थी। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंच गया। बम्हनी बंजर पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक राजेन्द्र दास के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?