शहडोल में बड़ी वारदात: रेलवे स्टेशन पर खड़े डीजल इंजन से अज्ञात चोरों ने उड़ाया सैकड़ों लीटर डीजल
शहडोल के बुढार रेलवे स्टेशन पर खड़ी रेल इंजन से हुई डीजल चोरी। बढ़ती किल्लत के बीच सुरक्षा में बड़ी सेंध। RPF सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी।
शहडोल। एक ओर जहाँ पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और किल्लत से आमजन परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर शहडोल जिले में डीजल चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बुढार रेलवे स्टेशन की लाइन नंबर-5 पर खड़े एक रेल डीजल इंजन को चोरों ने अपना निशाना बनाया। बीती रात शातिर चोरों ने इंजन का लॉक तोड़कर उसमें से सैकड़ों लीटर डीजल पार कर दिया। हैरानी की बात यह है कि स्टेशन परिसर में आवाजाही के बावजूद चोरों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया और आसानी से फरार हो गए।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
शहडोल जिले में पहले भी वाहनों से डीजल चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे वाहन मालिक और पेट्रोल पंप संचालक पहले ही काफी परेशान हैं। अब रेलवे इंजन से इतनी बड़ी मात्रा में डीजल चोरी होना सीधे तौर पर रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। ईंधन की किल्लत और मारामारी के इस दौर में इस तरह की घटना न केवल रेलवे की लापरवाही को दर्शाती है, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय तेल चोर गिरोह के हौसलों को भी उजागर करती है।
RPF की जांच और सीसीटीवी पर नजर
पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ (RPF) इंस्पेक्टर अनूपपुर, एम. पात्रा ने बताया कि, "बुढार रेलवे स्टेशन पर डीजल चोरी की शिकायत दर्ज की गई है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और हम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि चोरों की पहचान सुनिश्चित की जा सके। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।"
What's Your Reaction?