सैलरी कटेगी फिर भी सड़कों पर उतरेंगे 12 लाख बैंककर्मी, मोबाइल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी चालू
5 दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर बैंक कर्मचारियों ने 11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल बुलाई है। उज्जैन में भी हजारों कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे।
देशभर के बैंक कर्मचारी-अधिकारियों के प्रमुख संगठनों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 11 सितंबर को एक दिन की देशव्यापी हड़ताल पर रहने की बड़ी घोषणा की है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के अनुसार, इस आंदोलन में देश भर के करीब 12 लाख बैंककर्मी हिस्सा लेंगे। इसी क्रम में उज्जैन शहर में भी लगभग 297 बैंक शाखाओं से जुड़े 4,000 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी टॉवर चौक पर एकजुट होकर विशाल रैली निकालेंगे और जोरदार प्रदर्शन करेंगे, जिससे जिले में बैंकिंग कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहने की संभावना है।
⏳ 5 डे वर्किंग की मांग पर अड़े बैंककर्मी, मांग पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
इंडियन ओवरसीज बैंक यूनियन के महासचिव विपिन सिंह ने बताया कि 8 मार्च 2024 को सरकार और यूनियनों के बीच 5 दिवसीय कार्य सप्ताह को लागू करने का समझौता हुआ था, लेकिन वित्त मंत्रालय द्वारा अब तक अधिसूचना जारी न किए जाने के कारण कर्मचारियों में भारी असंतोष है। कर्मचारी अपनी एक दिन की सैलरी कटवाकर इस आंदोलन में शामिल हो रहे हैं। हालांकि डिजिटल और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं सुचारू रहेंगी, लेकिन यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो सितंबर के अंत में तीन दिवसीय और अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)