जूते भीगने से बचाने के लिए बुजुर्ग को बनाया घोड़ा, फसल नुकसान का सर्वे करने गए पटवारी की करतूत कैमरे में कैद
सीधी जिले का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें पटवारी नीलेश नामदेव अपने जूते बचाने के लिए एक बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर नदी पार करते नजर आ रहे हैं। कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए हैं।
मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक बेहद हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिले की ग्राम पंचायत माटा का यह मामला है, जहां पटवारी नीलेश नामदेव एक बुजुर्ग ग्रामीण की पीठ पर बैठकर छोटी नदी पार करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस छोटी सी नदी में सालभर पानी रहता है और इसे पार किए बिना बुजुर्ग ललवा केवट के घर या जमीन तक नहीं पहुंचा जा सकता है। पटवारी अपने जूते पानी में भीगने से बचाने के लिए बुजुर्ग की ममता और मजबूरी का फायदा उठाते हुए उनकी पीठ पर सवार हो गए।
🔍 फसल नुकसान का सर्वे करने पहुंचे थे पटवारी, कलेक्टर विकास मिश्रा ने वीडियो की जांच कराकर कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश
मिली जानकारी के अनुसार, करीब एक साल पहले सर्दियों के मौसम में ललवा केवट की फसल को जंगली जानवरों ने नुकसान पहुंचाया था और उनके घर को भी तोड़ा गया था। इसी मामले का सर्वे करने के लिए पटवारी नीलेश नामदेव उनके घर पहुंचे थे। वीडियो में सामने आया है कि पटवारी ने सर्वे करने की एवज में बुजुर्ग से उन्हें पीठ पर बिठाकर नदी पार कराने को कहा, जिसे मजबूरन बुजुर्ग ने पूरा किया। इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है, और जब पटवारी से पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उनका फोन बंद मिला। वहीं, सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने मामले को संज्ञान में लेते हुए कहा है कि वीडियो की जांच कराई जा रही है और तथ्यों के आधार पर पटवारी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)