अभाना में भीषण सड़क हादसा, 2 छात्राओं की मौत के बाद ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
दमोह से जबलपुर जा रही बेकाबू बस ने अभाना में साइकिल से स्कूल जा रही 3 छात्राओं को कुचल दिया। हादसे में 2 छात्राओं की मौत हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम किया।
दमोह जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर अभाना के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दमोह से जबलपुर की ओर जा रही नाजिस कंपनी की बस (MP 20 PA 0550) ने साइकिल से स्कूल जा रही तीन छात्राओं को बुरी तरह कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में कक्षा 7वीं और 8वीं में पढ़ने वाली दो छात्राओं यशोदा पटेल और आरुषि लोधी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरी छात्रा नित्या सेन गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल छात्रा को तुरंत उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
🚌 ढलान पर बेकाबू हुई बस, घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर किया चक्काजाम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे दमोह से रवाना हुई बस जैसे ही अभाना की टेक (ढलान) पर पहुंची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही छात्राओं को चपेट में ले लिया। हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने दमोह-जबलपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजे और आरोपी बस चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही यातायात बहाल हो सका।
🛑 पुलिस ने बस की जब्त, पूर्व में मैनिट (MANIT) की टीम भी कर चुकी है इस डेंजर जोन का सर्वे
लोहता थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने बताया कि दुर्घटनाकारित बस को जब्त कर लिया गया है और यात्रियों को वैकल्पिक बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया है। गौरतलब है कि दमोह जिले में लगातार बढ़ रहे हादसों को देखते हुए पिछले वर्ष मैनिट (MANIT) के विशेषज्ञों ने इस मार्ग का सर्वे किया था और ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित कर सुधारात्मक कदम उठाने के सुझाव दिए थे। हालांकि, संकेतक बोर्ड और सुधार कार्यों के बावजूद इस मार्ग पर हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)