पैरोल पर उज्जैन पहुंचे आसाराम की अचानक बिगड़ी तबीयत, सीने में तेज दर्द के बाद आश्रम में डॉक्टर तैनात
पैरोल पर उज्जैन आए आसाराम बापू की अचानक तबीयत बिगड़ी। सीने में तेज दर्द के बाद मंगलनाथ मार्ग स्थित आश्रम में डॉक्टरों की टीम कर रही उपचार।
उज्जैन। नाबालिग के यौन शोषण मामले में जोधपुर जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम की शुक्रवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। पैरोल पर उज्जैन आए आसाराम मंगलनाथ मार्ग स्थित आश्रम में ठहरे हुए हैं, जहां शुक्रवार को उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। अचानक तबियत बिगड़ने की खबर मिलते ही आश्रम के बाहर उनके समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। आश्रम में मौजूद डॉक्टरों की टीम तुरंत उनके उपचार में जुट गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आसाराम शरद पूर्णिमा (25 अक्टूबर) तक उज्जैन में ही रहने वाले हैं।
🌿 पंचकर्म कराने उज्जैन आए थे आसाराम: लंबे समय से कमर और सिरदर्द से हैं परेशान, अस्पताल के डॉक्टरों ने दी जानकारी
सूत्रों के मुताबिक, आसाराम बुधवार को पैरोल पर उज्जैन पहुंचे थे और वे शासकीय धनवंतरि आयुर्वेदिक चिकित्सालय में लगातार दो दिन (बुधवार और गुरुवार) पंचकर्म करवा चुके थे। हालांकि शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने के कारण वे पंचकर्म नहीं करा सके। अस्पताल के डॉक्टर नृपेन्द्र मिश्रा ने बताया कि आसाराम को लंबे समय से कमर और सिर में दर्द की शिकायत है, जिसके चलते उन्हें 14 दिन के पंचकर्म उपचार की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य कारणों के आधार पर ही उन्हें समय-समय पर पैरोल मंजूर की जाती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)