Vidisha Storm News: आंधी-तूफान और बिजली गिरने से वेयरहाउस हुआ तहस-नहस; 2.5 करोड़ के नुकसान का अनुमान
विदिशा के पालकी गांव में आंधी-तूफान से वेयरहाउस तबाह। लाखों क्विंटल गेहूं भीगने का खतरा, प्रशासन ने शुरू किया माल शिफ्ट करने का काम।
विदिशा। मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ ही मौसम का रौद्र रूप भी देखने को मिल रहा है। विदिशा जिले के पालकी गांव के पास स्थित 'एसएस वेयरहाउस' भीषण आंधी-तूफान और आसमानी बिजली की चपेट में आ गया। इस प्राकृतिक आपदा में वेयरहाउस का ढांचा बुरी तरह तहस-नहस हो गया है। धमाका इतना जोरदार था कि वहां से गुजर रहे लोग सहम गए।
⛈️ चद्दरें उड़ीं, दीवारें ढहीं; करोड़ों का नुकसान
वेयरहाउस मालिक लोचन सिंह राजपूत के अनुसार, संभवतः बिजली गिरने और तेज हवाओं के कारण वेयरहाउस की छत पर लगी लोहे की चद्दरें पूरी तरह उखड़ गईं और हवा में उड़कर करीब 2 किलोमीटर दूर खेतों में जाकर गिरीं। इस घटना में वेयरहाउस की मजबूत दीवारें भी ढह गईं। प्रारंभिक आंकलन के मुताबिक, भवन को लगभग 2 से ढाई करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि राजस्व (किराया) के रूप में 40-50 लाख रुपये का अतिरिक्त नुकसान होने की आशंका है।
🌾 लाखों क्विंटल गेहूं पर संकट
वेयरहाउस में करीब एक महीने पहले ही सरकारी और प्राइवेट स्टॉक रखा गया था। हालांकि, राहत की बात यह है कि वेयरहाउस के सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं, लेकिन छत उड़ने से बारिश का पानी अंदर घुस गया है, जिससे लाखों क्विंटल गेहूं भीग गया है। इस माल को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना अब प्रशासन और वेयरहाउस प्रबंधन के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।
🚜 युद्ध स्तर पर जारी है राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही नागरिक आपूर्ति निगम, MPWLC और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। प्रशासन की देखरेख में मलबे को हटाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। भीगे हुए अनाज को खराब होने से बचाने के लिए उसे तेजी से अन्य सरकारी गोदामों में शिफ्ट किया जा रहा है। तहसीलदार विदिशा निधी पटेल ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि नुकसान का सटीक आंकलन किया जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)