"पहले के राक्षस हवन में हड्डियां डालते थे", पंडित धीरेंद्र शास्त्री का सोशल मीडिया पर तीखा हमला
शिवपुरी के करैरा में श्रीराम कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने भीड़ कम होने की अफवाहों पर तीखा हमला बोलते हुए सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने वालों को कलयुग का राक्षस बताया।
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की करैरा तहसील में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कथा और समाज के प्रति भ्रामक खबरें फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर जमकर निशाना साधा। कथा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने चुटीले अंदाज में कहा कि प्राचीन काल में जब ऋषि-मुनि यज्ञ और अनुष्ठान करते थे, तब राक्षस हवन कुंडों में हड्डियां डालकर विघ्न डालते थे। ठीक उसी तरह आज के कलयुग के राक्षस बदल चुके हैं, जो हवन कुंड की जगह सोशल मीडिया पर झूठे पोस्ट डालकर बाधा उत्पन्न करने की कोशिश करते हैं।
🕉️ "कथा में हनुमान जी स्वयं विराजते हैं": अफवाहों से नहीं घटेगी भक्तों की आस्था, पंडाल में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
कथा स्थल पर भीड़ कम होने की अफवाहों और भ्रामक पोस्ट पर दो टूक जवाब देते हुए बाबा बागेश्वर ने कहा कि रामकथा में आने वाले श्रद्धालुओं की गिनती से कहीं अधिक महत्वपूर्ण उनकी सच्ची भक्ति होती है। कथा पंडाल में भीड़ हो या न हो, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि जहां रामकथा होती है, वहां स्वयं हनुमान जी विराजमान रहते हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया भर के लोग चाहे जितनी भी अफवाहें फैला लें, भगवान हनुमान का क्रेज और भक्तों की श्रद्धा कभी कम नहीं होगी। उल्लेखनीय है कि करैरा में आयोजित इस श्रीराम कथा में दूर-दराज से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)