अमेरिका में तेलंगाना के युवक की गोली मारकर हत्या, फर्जी पिज्जा ऑर्डर देकर बिछाया था मौत का जाल
अमेरिका के फिलाडेल्फिया में तेलंगाना के 28 वर्षीय अंशुल कुंचा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फर्जी पिज्जा ऑर्डर देकर घात लगाए हमलावरों ने सिर में गोलियां मारीं।
नई दिल्ली। अमेरिका के फिलाडेल्फिया से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ तेलंगाना के रहने वाले 28 वर्षीय भारतीय युवक अंशुल कुंचा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात उस समय हुई, जब वह एक फर्जी ऑर्डर के सिलसिले में पिज्जा डिलीवर करने पहुंचा था। अंशुल मूल रूप से एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करता था, लेकिन अतिरिक्त कमाई के लिए वीकेंड (सप्ताहांत) पर पार्ट-टाइम पिज्जा डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के रूप में काम करता था।
फर्जी पिज्जा ऑर्डर देकर बिछाया मौत का जाल, सुनसान इलाके में वारदात
शनिवार की रात अंशुल को एक सुनसान इलाके से पिज्जा डिलीवरी का ऑर्डर मिला। जब वह बताए गए पते पर पहुंचा, तो वहाँ कोई नहीं था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी और उसके सिर में कई गोलियां मारकर फरार हो गए। अंशुल की बहन तन्वी ने आरोप लगाया कि यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि उनके भाई को जान से मारने के लिए सोची-समझी साजिश के तहत बिछाया गया एक जाल था।
लूटपाट न होने से गहराया सस्पेंस, नकाबपोश बंदूकधारियों की तलाश जारी
अंशुल के परिवार के मुताबिक, घटनास्थल पर उसके साथ कोई लूटपाट नहीं की गई, जिससे हत्या के इरादे पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के वक्त इलाके में पीठ पर बैग टांगे हुए दो नकाबपोश बंदूकधारी देखे गए थे। हालांकि, अंशुल के साथ पहले भी अमेरिका में लूटपाट की घटना हो चुकी थी, जिसमें उसकी चेन, फोन और नकदी छीन ली गई थी, लेकिन तब उस पर जानलेवा हमला नहीं हुआ था।
पीड़ित परिवार ने भारत सरकार से लगाई न्याय और पार्थिव शरीर वापस लाने की गुहार
बीते चार साल से अमेरिका में रह रहे अंशुल को उसके परिवार ने एक बेहद मिलनसार और खुशमिजाज इंसान बताया। इस दुखद घटना के बाद पीड़ित परिवार ने भारत सरकार और संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाई है कि अंशुल के शव को जल्द से जल्द भारत वापस लाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि वे समय पर उसका अंतिम संस्कार कर सकें। साथ ही, उन्होंने इस कायरतापूर्ण हरकत के जिम्मेदार लोगों को पकड़कर कड़ी सजा देने और न्याय दिलाने की मांग की है।
What's Your Reaction?