गुना दूषित पानी की सप्लाई से बीमार हुए 15 से अधिक बच्चे, प्रशासन ने शुरू की जांच

गुना के बूढ़े बालाजी और पुरानी छावनी क्षेत्र में दूषित पानी की सप्लाई से 15 से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए। उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने जांच शुरू कर पानी के सैंपल लेने और पाइपलाइन सुधार के निर्देश दिए हैं।

Jun 9, 2026 - 13:13
 0
गुना दूषित पानी की सप्लाई से बीमार हुए 15 से अधिक बच्चे, प्रशासन ने शुरू की जांच

गुना दूषित पानी की सप्लाई से बीमार हुए 15 से अधिक बच्चे, प्रशासन ने शुरू की जांच

गुना (गौरव शर्मा )शहर के बूढ़े बालाजी और पुरानी छावनी क्षेत्र में दूषित पेयजल की सप्लाई से हड़कंप मच गया है। पिछले तीन से चार दिनों के दौरान 15 से अधिक बच्चे उल्टी-दस्त, पेट दर्द और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के कारण जिला अस्पताल में भर्ती हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय रहवासियों के अनुसार क्षेत्र में कई दिनों से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। हालांकि पानी देखने में साफ नजर आता है, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि इसमें बैक्टीरिया और संक्रमण मौजूद हो सकता है, जिससे बच्चों की तबीयत बिगड़ रही है।

पार्षद प्रतिनिधि लालाराम लोधा ने बताया कि क्षेत्र की कई पाइपलाइनें क्षतिग्रस्त हैं, जिसके कारण नालियों का दूषित पानी पेयजल लाइन में मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के अधिकारियों को अवगत कराया गया था और पाइपलाइन सुधार की मांग की गई थी।

बीमार बच्चों के परिजनों ने बताया कि निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में उपचार कराने के बावजूद बच्चों की हालत में सुधार नहीं हुआ। एक महिला ने बताया कि उनके बच्चे को दस्त के साथ खून आने की शिकायत भी हुई, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम जिला अस्पताल पहुंची। अधिकारियों ने बच्चों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। वहीं PHE विभाग को पानी के नमूने जांच के लिए भेजने और क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर किशोर कन्याल ने पूरे मामले की निगरानी के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से फिलहाल पानी उबालकर पीने और स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow