गुजरात में भारी बारिश का असर, 8 घंटे लेट पहुंची सोमनाथ एक्सप्रेस, अमरावती भी रीशेड्यूल
गुजरात में भारी बारिश के कारण जबलपुर आने वाली सोमनाथ एक्सप्रेस 8 घंटे लेट पहुंची। इसके चलते अमरावती एक्सप्रेस को भी 7 घंटे रीशेड्यूल करना पड़ा। पढ़ें पूरी खबर।
जबलपुर: गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश के असर से शनिवार को सोमनाथ एक्सप्रेस की चाल लड़खड़ा गई। गाड़ी संख्या 11463 वेरावल-जबलपुर सोमनाथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब आठ घंटे की देरी से जबलपुर पहुंची। इसके चलते जबलपुर से अमरावती जाने वाली ट्रेन को भी रीशेड्यूल करना पड़ा। रेलवे ने अमरावती एक्सप्रेस को शनिवार रात 9.20 बजे के बजाय रविवार सुबह 4.20 बजे रवाना करने का निर्णय लिया, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
🚂 7 घंटे रीशेड्यूल करनी पड़ी अमरावती एक्सप्रेस
सोमनाथ एक्सप्रेस का मुख्य स्टेशन पर निर्धारित आगमन समय दोपहर 2.10 बजे है, लेकिन गुजरात में भारी बारिश के कारण यह ट्रेन शनिवार रात करीब 9.30 बजे जबलपुर पहुंच सकी। इसी रैक का रखरखाव (मेंटेनेंस) कर उसे जबलपुर-अमरावती एक्सप्रेस में लगाया जाता है। ट्रेन के देर से पहुंचने के कारण रैक के मेंटेनेंस का समय पिछड़ गया, जिससे अमरावती एक्सप्रेस को लगभग सात घंटे रीशेड्यूल करना पड़ा। इस ट्रेन से बड़ी संख्या में नागपुर और अमरावती की ओर जाने वाले यात्री सफर करते हैं, जिनकी यात्रा योजनाएं इससे बुरी तरह प्रभावित हुईं।
🌧️ मौसम के कारण बिगड़ा अन्य ट्रेनों का शेड्यूल
केवल सोमनाथ एक्सप्रेस ही नहीं, बल्कि कुछ अन्य ट्रेनें भी शनिवार को विलंब से जबलपुर पहुंचीं। इनमें मुख्य रूप से गाड़ी संख्या 18234 बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस सवा घंटे, और 22190 रीवा-जबलपुर इंटरसिटी 2 घंटे 20 मिनट की देरी से पहुंची।
⏱️ स्पेशल ट्रेनें भी चल रही हैं घंटों लेट
स्पेशल ट्रेनों की बात करें तो, गाड़ी संख्या 03252 बेंगलुरु-दानापुर स्पेशल लगभग 15 घंटे की देरी से चल रही है। इसके अलावा 04116 एलटीटी-सूबेदारगंज स्पेशल करीब साढ़े आठ घंटे, 01449 पुणे-दानापुर स्पेशल 2 घंटे 50 मिनट एवं 01450 दानापुर-हड़पसर स्पेशल लगभग पौने तीन घंटे की देरी से संचालित हुई। ट्रेनों की इस लेटलतीफी के कारण स्टेशन पर यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)