कम बारिश की भरपाई करेगा नया वेदर सिस्टम, प्रदेश में अगले 5 दिनों तक होगी झमाझम बारिश
मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम के चलते अगले 4-5 दिनों तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
भोपाल: मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक को एक माह से ज्यादा समय होने के बाद भी जबरदस्त बारिश का इंतजार अभी भी बना हुआ है। प्रदेश में अभी तक औसतन 13 इंच बारिश हो चुकी है, जो सामान्य बारिश से 15 फीसदी कम है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तर ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल तट पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र ने प्रदेश में अगले 5 दिनों तक अच्छी बारिश की उम्मीद जगा दी है। इस सिस्टम के अगले 24 घंटों में और आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के उमरिया, मैहर, शहडोल, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज/रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के बाकी जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है, जहां 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बौछारें पड़ने की संभावना है।
🌧️ 'प्रदेश में अब तक 15 फीसदी कम हुई है बारिश'
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के मुताबिक, "प्रदेश में अभी सामान्य से 15 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है, हालांकि उम्मीद है कि अगले 5 दिनों में होने वाली अच्छी बारिश से यह आंकड़ा सुधरेगा। पूर्वी मध्य प्रदेश में अभी तक 18 फीसदी कम बारिश हुई है, जबकि पश्चिम मध्य प्रदेश में यह कमी 13 फीसदी है। हालांकि, इंदौर और उज्जैन संभाग में संतोषजनक बारिश रिकॉर्ड की गई है।"
⚡ 'अगले 4 दिनों में होगी झमाझम बारिश'
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र और अधिक मजबूत हो गया है। इस कम दबाव के क्षेत्र के लगातार आगे बढ़ने की संभावना है। इस नए वेदर सिस्टम के असर से प्रदेश में अगले 4 दिनों तक व्यापक और अच्छी बारिश होगी, जिससे पूर्वी मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश का दौर देखने को मिलेगा।
📅 प्रदेश के किस जिले में कब होगी बारिश?
-
27 जुलाई: मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा बाकी सभी जिलों में तेज हवा के साथ गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी।
-
28 जुलाई: छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, उमरिया, मंडला, सिवनी और डिंडोरी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अन्य जिलों में येलो अलर्ट के साथ गरज-चमक के बौछारें पड़ सकती हैं।
-
29 जुलाई: सागर, दमोह, सिवनी, जबलपुर, बालाघाट, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा और देवास में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
-
30 जुलाई: भोपाल, सागर, दमोह, जबलपुर, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा, देवास, खंडवा, हरदा, बुरहानपुर, खरगोन, इंदौर और उज्जैन में भारी बारिश की संभावना है। रायसेन, नर्मदापुरम और देवास के कुछ स्थानों पर अतिभारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
🌡️ पिछले 24 घंटों में कहां-कहां बरसा पानी?
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल बारिश का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। पिछले 24 घंटों के दौरान शहडोल संभाग के कुछ जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा उज्जैन संभाग के जिलों में भी पानी गिरा है, जबकि भोपाल, इंदौर और नर्मदापुरम संभागों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश रिकॉर्ड हुई।
लगातार हो रही बारिश की वजह से प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में सबसे कम दिन का तापमान पचमढ़ी में 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस बार मानसून जून महीने में 9 दिन की देरी से 24 जून को मध्य प्रदेश पहुंचा था और महज 9 दिनों के भीतर पूरे प्रदेश में छा गया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)