मोहना संगम पर्यटन स्थल का सांसद ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक सुधार के निर्देश
बुरहानपुर:- सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने शुक्रवार को जिले के मोहना संगम पर बन रहे बहुप्रतीक्षित पर्यटन स्थल का निरीक्षण किया। कलेक्टर हर्ष सिंह और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ पहुंचे सांसद ने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और मौके पर पाई गई कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।
करीब 8.50 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पर्यटन स्थल को धार्मिक और पर्यटक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सांसद पाटिल ने मोहना संगम को ऐतिहासिक और आध्यात्मिक रूप से और सशक्त करने के उद्देश्य से भगवान स्वामीनारायण की तपस्थलीय स्थल पर उनकी प्रतिमा स्थापित करने की योजना की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि यह स्थल न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि धार्मिक आस्था का केंद्र भी बनेगा।
इसके अलावा सांसद ने मोहना संगम तक जाने वाले पहुंच मार्ग की खराब स्थिति पर भी चिंता जताई और अफसरों को निर्देशित किया कि मार्ग को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जाए, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यहां पर एक सुंदर और आस्था से जुड़ा पर्यटन स्थल विकसित हो रहा है, जो आने वाले समय में जिले की पहचान बनेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जो भी कमियां हैं, उन्हें जल्द दूर किया जाए।
What's Your Reaction?