बड़वानी: जिले में 21 से 25 मई तक हल्के से मध्यम बादल, कहीं हल्की तो कहीं तेज़ वर्षा की संभावना

May 20, 2025 - 21:09
 0
बड़वानी: जिले में 21 से 25 मई तक हल्के से मध्यम बादल, कहीं हल्की तो कहीं तेज़ वर्षा की संभावना

बड़वानी:- कृषि विज्ञान केन्द्र बड़वानी की जिला कृषि मौसम इकाई (दामू परियोजना) के अनुसार आगामी 21 मई से 25 मई 2025 तक जिले में मौसम आंशिक रूप से बदला हुआ रहेगा। इस दौरान आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से लेकर तेज़ वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सुबह के समय हवा में सापेक्ष आर्द्रता 68 से 74 प्रतिशत तक रह सकती है, जबकि दोपहर के समय यह घटकर 37 से 41 प्रतिशत के बीच रहेगी। अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इस अवधि में 4 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी दिशा की हवा चलेगी।

मौसम में इस परिवर्तन का कारण एक पूर्व-पश्चिमी ट्रफ है, जो मध्य पाकिस्तान से शुरू होकर उत्तरी राजस्थान, दक्षिण उत्तर प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल होते हुए उत्तरी बांग्लादेश तक समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।

किसानों के लिए सलाह:

बेल वाली फसलें, केले व गन्ने जैसी लंबी और कमजोर तनों वाली फसलों को गिरने से बचाने के लिए सहारा दें।

गरज-चमक व तेज़ हवाओं के दौरान खेतों में कार्य न करें। बिजली या तूफान के संकेत मिलते ही तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।

खेतों में पड़े फसल अवशेष या सूखी घास में आग न लगाएं और फसलों पर किसी भी प्रकार के रासायनिक छिड़काव से बचें।

खुले में रखी हुई फसल को पूरी तरह सुखाकर तुरंत भंडारण करें, ताकि वर्षा से नुकसान से बचा जा सके।

कृषि विज्ञान केंद्र की यह रिपोर्ट किसानों को मौसम के अनुरूप उचित फैसले लेने में मदद करेगी और फसल की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow