जोधपुर सड़क हादसा
मतोड़ा क्षेत्र में टूरिस्ट बस ट्रेलर से टकराई, 18 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल
(जोधपुर) राजस्थान के फलोदी जिले के मतोड़ा क्षेत्र में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 3 से 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयंकर था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
टूरिस्ट बस में सवार थे श्रद्धालुओं
मिली जानकारी के अनुसार, टूरिस्ट बस जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर बीकानेर के कोलायत दर्शन के लिए गई थी। देर रात लौटते समय बस मतोड़ा क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक जोधपुर के सूरसागर निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही मतोड़ा थाना अधिकारी अमानाराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया।
18 लोगों की मौत की पुष्टि
थाना अधिकारी अमानाराम ने बताया कि अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया, जिसके चलते वह खड़े ट्रेलर में जा घुसी।
प्रशासन अलर्ट, जांच शुरू
हादसे के बाद यात्रियों को बस से निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस दल मौके पर पहुंच गए। मृतकों की पहचान की जा रही है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर, राहत कार्य जारी
वहीं, हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और राहत कार्य में मदद की। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
What's Your Reaction?