'आप लेडीज जात हैं बात न करें'... इंदौर ट्रैफिक वालेंटियर शुभी जैन के वीडियो से पुलिस पर सवाल
इंदौर में ट्रैफिक वालेंटियर शुभी जैन ने एक पुलिसकर्मी पर बदतमीजी और अधिकारों के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया है। दूसरी ओर पुलिस ने मृगनयनी चौराहे पर चालानी कार्रवाई की।
इंदौर। इंदौर शहर में ट्रैफिक वालेंटियर (ट्रैफिक वार्डन) के रूप में सेवा दे रही चर्चित युवती शुभी जैन के दो मिनट के एक वीडियो ने इंदौर पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वालेंटियर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर एक पुलिसकर्मी पर अभद्रता और बदतमीजी करने का सीधा आरोप लगाया है।
घटना के अनुसार, चौराहे पर सिग्नल के दौरान एक पुलिसकर्मी बाइक पर आया और उसका एक ई-रिक्शा चालक से विवाद हो गया। विवाद को शांत कराने पहुंची शुभी जैन का आरोप है कि बाइक सवार पुलिसकर्मी ई-रिक्शा की फोटो खींचकर चालान काटने लगा, जो कि उसके अधिकार क्षेत्र से बाहर था। जब शुभी ने इसका विरोध किया, तो पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर कहा, "आप लेडीज जात हैं, आप मुझसे बात न करें।"
शुभी जैन ने वीडियो में कहा कि पुलिस अगर आम जनता से ऐसा व्यवहार करेगी, तो नागरिकों का पुलिस प्रशासन पर भरोसा कैसे बढ़ेगा? शुभी जैन शहर के चौराहों पर मुस्कान और अनूठे अंदाज में ट्रैफिक प्रबंधन के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने कहा कि सड़क पर पुलिस को देखकर जनता में डर नहीं, बल्कि सुरक्षा का भाव होना चाहिए। इस मामले में ट्रैफिक डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और अधीनस्थों से पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नियम तोड़ने वाले आमजन पर पुलिस की सख्ती जारी है और एफआईआर भी कराई जा रही है।
🛑 मृगनयनी चौराहे पर यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 से अधिक वाहनों के कटे चालान
दूसरी ओर, इंदौर शहर में यातायात में बाधा उत्पन्न करने तथा ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध पुलिस की प्रभावी कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को यातायात निरीक्षक राहुल सिंह राजपूत एवं यातायात पुलिस की टीम ने शहर के व्यस्तम मृगनयनी चौराहे पर यातायात व्यवस्था का प्रबंधन और निरीक्षण किया। इसके साथ ही पुलिस टीम ने क्षेत्र में भ्रमण कर विभिन्न मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जेल रोड, नावेल्टी से मृगनयनी चौराहे की ओर आने वाले मार्ग पर रॉन्ग साइड (गलत दिशा में) वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया। यातायात पुलिस टीम ने रॉन्ग साइड वाहन चलाने सहित अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 50 से अधिक वाहनों पर मौके पर ही चालानी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने चालकों को समझाइश दी कि जल्दबाजी या लापरवाही में गलत दिशा में वाहन चलाना न केवल ट्रैफिक को बाधित करता है, बल्कि किसी की जान के लिए गंभीर दुर्घटना का कारण भी बन सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)