ग्वालियर संभाग में अवैध शराब सिंडिकेट पर बड़ा एक्शन, 224 एफआईआर और 122 तस्कर गिरफ्तार
ग्वालियर संभाग में आबकारी विभाग के विशेष अभियान में अवैध शराब सिंडिकेट पर बड़ी कार्रवाई हुई। 224 एफआईआर दर्ज कर 122 तस्कर गिरफ्तार और 3,187 लीटर शराब जब्त की गई।
ग्वालियर। ग्वालियर संभाग में अवैध शराब के सिंडिकेट और कारोबारियों के खिलाफ आबकारी विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान छेड़ रखा है। विभाग की 11 सितंबर तक की रिपोर्ट के मुताबिक, संभाग के सभी जिलों में एक साथ दबिश देकर 224 आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं।
इस विशेष कार्रवाई के दौरान 3,187.56 लीटर अवैध शराब जब्त कर 122 शराब तस्करों को रंगे हाथों पकड़ा गया है। आबकारी विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे संभाग के शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
🍾 दतिया से जब्त हुई आधी से ज्यादा शराब, ग्वालियर जिले में दर्ज हुईं सबसे ज्यादा 59 एफआईआर
विभाग द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, संभाग में जब्त कुल 3,187 लीटर शराब में से आधे से अधिक यानी 1,702 लीटर शराब अकेले दतिया जिले से बरामद की गई है। आबकारी विभाग अब दतिया के इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर की तलाश में जुट गया है।
दूसरी ओर, आबकारी टीम ने सबसे ज्यादा 59 एफआईआर ग्वालियर जिले में दर्ज की हैं और यहां से 29 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, जानलेवा और जहरीली अवैध शराब से जुड़ी सख्त धारा 49(क) के तहत सबसे ज्यादा मामले और संदिग्धों पर निगरानी गुना जिले में दर्ज की गई है।
🏚️ 30 अवैध ठिकाने ध्वस्त, भट्ठियां तोड़कर मौके पर ही नष्ट किया गया 6,200 किग्रा लहान
अकेले 11 सितंबर को चलाए गए 'स्पेशल स्ट्राइक' अभियान के तहत आबकारी टीमों ने शराब माफियाओं के 30 नए ठिकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
इस दौरान 127.20 लीटर शराब (देशी, विदेशी व बीयर) जब्त करने के साथ ही शराब बनाने की अवैध भट्ठियों पर धावा बोला गया। मौके पर ही 6,200 किलोग्राम लहान बहाकर नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक वाहन को जब्त कर 18 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)