सड़कों की बदहाली पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, मांग पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
जबलपुर पश्चिम विधानसभा में खस्ताहाल सड़कों के विरोध में युवा कांग्रेस ने निकाला बैलगाड़ी जुलूस। गड्ढों में फंसे बैल, जल्द सुधार न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी।
पश्चिम विधानसभा में खस्ताहाल सड़कों पर बैलगाड़ी जुलूस, युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
मंत्री और महापौर से सड़कों की हालत सुधारने की मांग, मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
जबलपुर। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों के विरोध में युवा कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष घनश्याम महोबिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी जुलूस निकालकर सड़कों की बदहाली के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान बैलगाड़ी के साथ चल रहे बैल जगह-जगह सड़क के गड्ढों में फंसते और अटकते नजर आए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे क्षेत्र की खराब सड़कों की जमीनी हकीकत बताते हुए सरकार और स्थानीय प्रशासन पर निशाना साधा।
विकास के दावों पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
युवा कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि एक ओर मंत्री और महापौर शहर के विकास को लेकर होर्डिंग के जरिए दावे कर रहे हैं, वहीं पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की कई सड़कों की स्थिति बेहद खराब है। हालात ऐसे हैं कि इन सड़कों पर बैलगाड़ी का चलना भी मुश्किल हो गया है।

जुलूस के दौरान राहगीरों ने भी प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया और सड़क की समस्या को प्रमुखता से उठाने के प्रयास की सराहना की।
सड़कें दुरुस्त नहीं हुईं तो आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस ने महापौर और संबंधित मंत्री से पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों को तत्काल व्यवस्थित तरीके से दुरुस्त कराने की मांग की है।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस के साथ पूरी कांग्रेस पार्टी जबलपुर में इन सड़कों के खिलाफ अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)