भाजपा महिला मोर्चा का जिला स्तरीय डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण वर्ग संपन्न, बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने लिया प्रशिक्षण
बड़वानी में भाजपा महिला मोर्चा का डिजिटल प्रशिक्षण वर्ग आयोजित। कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने पर जोर। पौधरोपण के साथ दिया पर्यावरण का संदेश।
बड़वानी:- पण्डित दीनदयाल उपाध्याय डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा का जिला प्रशिक्षण वर्ग शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय, बड़वानी में संपन्न हुआ। दोपहर 1 बजे आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों से अनेक महिला कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी कर डिजिटल प्लेटफार्म की बारीकियां सीखीं।

जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार ने जानकारी दी कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश आईटी प्रभारी सुधा सुखियानी उपस्थित रहीं। विशेष अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष अंजना पटेल तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष एवं नगर परिषद राजपुर अध्यक्ष शिखा विजय अग्रवाल ने की।

सुधा सुखियानी का भाजपा कार्यालय पर ढोल ताशों के साथ भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतमाता, पं. दीनदयाल उपाध्याय तथा डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
डिजिटल सशक्तिकरण पर जोर
मुख्य अतिथि सुधा सुखियानी ने लैपटॉप के माध्यम से उपस्थित महिला कार्यकर्ताओं को डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं के प्रमाण पत्र भी मौके पर डाउनलोड कराए गए।

संबोधन में सुखियानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डिजिटल भारत तथा पेपरलेस भारत का सपना भाजपा संगठन भी आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म के माध्यम से अधिक से अधिक बहनों को तकनीकी रूप से सशक्त करना हमारा लक्ष्य है, जिससे पार्टी की विचारधारा, सवाल-जवाब एवं वीडियो सामग्री को आसानी से जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने डिजिटल माध्यम के लाभ गिनाते हुए बताया कि इससे कागज की खपत घटेगी, पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा तथा ऑनलाइन शिक्षा से विद्यार्थियों पर बस्तों का बोझ कम हुआ है। सुखियानी ने स्पष्ट किया कि डिजिटल लर्निंग का अर्थ किताबों या विचारों को हटाना नहीं, बल्कि उन्हीं विचारों को नया रूप देना है।

हर कार्यकर्ता को जोड़ेंगे डिजिटल से
प्रदेश उपाध्यक्ष अंजना पटेल एवं जिला अध्यक्ष शिखा अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के डिजिटल भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को तकनीक से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि बैंकिंग लेनदेन डिजिटल होने से बैंकों में भीड़ घटी है, समय की बचत हुई है तथा अनावश्यक कागज का उपयोग कम हुआ है। दोनों नेताओं ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिला मोर्चा के वर्तमान एवं आगामी कार्यक्रमों पर भी प्रकाश डाला।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश
प्रशिक्षण वर्ग के पश्चात "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत शहर के राजघाट रोड स्थित रेवा कुंड पर छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।
सम्मान समारोह
इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष शुभम पांडे के नेतृत्व में बड़वानी नगर मण्डल द्वारा मुख्य अतिथि सुधा सुखियानी को नर्मदा मैया का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

मंचासीन गणमान्य
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान, बड़वानी जनपद अध्यक्ष भुन्टी बाई पटेल, जिला आईटी प्रमुख प्रिया पंवार, वंदना राठौड़, रंजना पटेल एवं जिला सोशल मीडिया प्रभारी नवीन गुप्ता मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन राजू दिनेश सोनी ने किया तथा आभार प्रदर्शन वंदना राठौड़ ने किया।
प्रशिक्षण वर्ग में जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति रही।

What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)