इंदौर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, गुजरात से आया 6.4 क्विंटल संदिग्ध घी जब्त
इंदौर में खाद्य विभाग की टीम ने देवास नाका स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर गुजरात से लाया गया 6.4 क्विंटल संदिग्ध घी जब्त किया है। साथ ही एक चाय आउटलेट पर एक्सपायर्ड प्रीमिक्स भी नष्ट किया गया।
इंदौर: खानपान के शहर इंदौर में नकली दूध और मावा के बाद अब घी की भी बड़े पैमाने पर दूसरे राज्यों से अवैध एंट्री हो रही है। जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई के तहत अब खाद्य विभाग ने साढ़े छह क्विंटल संदिग्ध घी बरामद किया है। इंदौर में मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के विरुद्ध जारी अभियान के तहत शहर के लॉजिस्टिक केंद्र कहे जाने वाले लसूड़िया मोरी (देवास नाका) स्थित SDA कंपाउंड में खाद्य विभाग की टीम ने कृष इंटरप्राइजेज पहुंचकर औचक निरीक्षण की कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान मौके पर प्रोपराइटर कृष्ण गोपाल अरोरा उपस्थित पाए गए। जांच के दौरान परिसर के गोदाम में गुजरात राज्य के पिपोदरा, मंगरोल (सूरत) स्थित 'श्री राधे डेयरी फार्म एंड फूड्स लिमिटेड' द्वारा निर्मित "वास्तु" (Vastu) ब्रांड के विभिन्न पैक आकार (100 मिली, 500 मिली, 1 लीटर, 5 लीटर एवं 15 किलोग्राम) के घी का बड़े पैमाने पर भंडारण पाया गया।
🧪 खाद्य कारोबारियों को दिए गए सख्त निर्देश
खाद्य सुरक्षा दल ने दूसरे राज्यों से इंदौर में विक्रय हेतु लाए गए घी की गुणवत्ता की विशेष जांच करते हुए विभिन्न पैकिंग से घी के कुल 10 नमूने लिए। इस दौरान लगभग 640 लीटर घी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है, उसे जब्त कर लिया गया। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने घी के सैंपल को जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला (लैब) भेज दिया है। खाद्य अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया, "जांच रिपोर्ट (प्रतिवेदन) में यदि घी अमानक पाया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।"
☕ 'येवले चाय' आउटलेट पर एक्सपायर्ड प्रीमिक्स जब्त और नष्ट
निरंतर निरीक्षण के अंतर्गत 'द मैजिक टी' (येवले चाय), पुखराज कॉम्प्लेक्स, नवलखा मेन रोड का भी औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान आउटलेट पर "येवले विदाउट शुगर प्रीमिक्स" की एक्सपायरी अवधि पूरी होने के बावजूद उसे उपयोग के लिए रखा हुआ पाया गया। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस एक्सपायर्ड प्रीमिक्स का पंचनामा तैयार कर मौके पर ही उसे पूरी तरह से विनष्ट (Destroyed) कराया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)