सतपुड़ा की वादियों में हुई पचमढ़ी मानसून मैराथन, सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने दिखाई हरी झंडी
मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में आठवीं मानसून मैराथन 2026 का आयोजन किया गया। इसमें देश-विदेश के 1600 धावकों ने 'सेव टाइगर' और 'प्लास्टिक फ्री' का संदेश देते हुए हिस्सा लिया।
नर्मदापुरम: प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में रविवार को विदेशी नागरिकों सहित देश के 1600 धावकों ने 'सेव टाइगर' और 'प्लास्टिक फ्री' का संदेश देने के लिए दौड़ लगाई। मानसून की हल्की फुहारों, धुंध से ढकी वादियों और चारों तरफ फैली हरियाली के बीच आयोजित पचमढ़ी मानसून मैराथन 2026 में 4 साल के बच्चे से लेकर 84 साल के बुजुर्ग तक, सभी धावकों में गजब का उत्साह देखने को मिला।
🌍 कई देशों के धावक भी हुए शामिल
पचमढ़ी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हर साल आयोजित होने वाली इस मानसून मैराथन को सांसद दर्शन सिंह चौधरी और मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। धावकों ने 'सेव टाइगर' और 'प्लास्टिक फ्री' का संदेश देते हुए दौड़ लगाई। आठवीं पचमढ़ी मानसून मैराथन में अमेरिका, स्वीडन, मंगोलिया और पेरू जैसे देशों के धावक भी विशेष तौर पर शामिल हुए। मध्य प्रदेश पर्यटन, जिला प्रशासन और 'एडवेंचर्स एंड यू' द्वारा आयोजित इस मैराथन में धावकों ने 42, 21, 10 और 5 किलोमीटर की दौड़ में अपना दम दिखाया।
🏃♂️ चार श्रेणियों में आयोजित हुई मैराथन
जिला पर्यटन प्रबंधक मनोज ठाकुर ने बताया, "हर आयु वर्ग के धावकों को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता को 4 श्रेणियों में विभाजित किया गया था, जिसमें 42 किलोमीटर की फुल मैराथन, 21 किलोमीटर की हॉफ मैराथन, 10 और 5 किलोमीटर की दौड़ शामिल थी। 42 किलोमीटर की फुल मैराथन इस प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण रही। उतार-चढ़ाव और ऊंचाई भरे रास्तों पर बेहद चुनौतीपूर्ण रही इस फुल मैराथन ने धावकों की शारीरिक और मानसिक क्षमता की वास्तविक परीक्षा ली।"
मनोज ठाकुर ने आगे बताया कि इस मैराथन में सांसद दर्शन सिंह चौधरी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी दौड़ लगाई। इसके अलावा मध्य प्रदेश टूरिज्म और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की क्षेत्र संचालक राखी नंदा भी 5 किलोमीटर की दौड़ में शामिल हुईं। प्रतियोगिता के अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को मेडल और सर्टिफिकेट के साथ आकर्षक पुरस्कार भी दिए गए।
🐅 'सेव टाइगर' के साथ 'प्लास्टिक फ्री' का संदेश
हिल स्टेशन पचमढ़ी में हुई यह मानसून मैराथन मुख्य रूप से 4 प्रमुख थीम पर आधारित थी। प्रदेश में 29 जुलाई तक बाघ पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत बाघ संरक्षण के लिए जन जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए मैराथन में 'सेव टाइगर' का संदेश दिया गया। इसके साथ ही, हिल स्टेशन पर्यटन को प्लास्टिक फ्री बनाने, 'फिट इंडिया' और पर्यटन को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया गया।
🌿 'पर्यटन को बढ़ावा देने का अनूठा मंच'
मनोज ठाकुर ने बताया, "पचमढ़ी को हाल ही में आईटीबी बर्लिन 2026 में 'ग्रीन डेस्टिनेशंस ब्रॉन्ज अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया है। पचमढ़ी मानसून मैराथन खेल प्रतियोगिता के साथ-साथ प्रकृति आधारित पर्यटन, फिट इंडिया अभियान और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने का एक बेहतरीन और अनूठा मंच है।"
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)