Damoh News: नाबालिग प्रेमिका से शादी की जिद में 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, 3 घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा
दमोह के सगोनी गांव में प्रेमी युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा। नाबालिग प्रेमिका से शादी की जिद में चढ़ा 200 फीट ऊंचे टावर पर। पुलिस ने तीन घंटे में रेस्क्यू किया।
दमोह। जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र के सगोनी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 18 वर्षीय युवक अपनी प्रेमिका से शादी की जिद को लेकर 200 फीट ऊंचे टेलीफोन टावर पर चढ़ गया। मामला प्रेम प्रसंग का था, जहाँ युवक अपनी नाबालिग प्रेमिका को वापस बुलाने और उससे विवाह कराने की मांग कर रहा था। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद प्रशासन और पुलिस की समझाइश पर वह नीचे उतरा।
💔 गुजरात में शुरू हुई प्रेम कहानी
मिली जानकारी के अनुसार, सगोनी निवासी प्रकाश बरेला गुजरात में मजदूरी के दौरान एक नाबालिग युवती के संपर्क में आया था। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। करीब 15 दिन पहले प्रकाश उस युवती को अपने साथ सगोनी ले आया था। हालांकि, बाद में युवती के परिजनों की शिकायत पर गुजरात पुलिस पहुंची और उसे समझा-बुझाकर वापस ले गई। इसी बात से नाराज होकर प्रकाश ने अपनी मांग मनवाने के लिए टावर का सहारा लिया।
📞 पुलिस और प्रशासन की समझाइश
युवक के टावर पर चढ़ते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर रजपुरा पुलिस और बटियागढ़ के नायब तहसीलदार योगेंद्र चौधरी मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने न केवल युवक से संवाद किया, बल्कि उसके परिजनों और गुजरात में रह रहे लड़की के माता-पिता की आपस में बात कराई। पुलिस ने उसे कानून का हवाला देते हुए समझाया कि लड़की अभी नाबालिग है और शादी के लिए कम से कम एक साल का इंतजार करना होगा।
🤝 आश्वासन के बाद माना प्रेमी
नायब तहसीलदार योगेंद्र चौधरी और स्थानीय सरपंच ने युवक को भरोसा दिलाया कि लड़की के बालिग होते ही नियमानुसार शादी करा दी जाएगी। इस आश्वासन और आर्थिक मदद के वादे के बाद प्रकाश मान गया और सुरक्षित नीचे उतर आया। रजपुरा थाना प्रभारी विनीत सिलाश ने बताया कि लड़की के नाबालिग होने के कारण कानूनन शादी संभव नहीं थी, इसलिए युवक को कानूनी स्थिति समझाई गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)